April 14, 2026

Hind foucs news

hindi new update

‘ईरान और अमेरिका में सीजफायर टूटा तो…’, वर्ल्ड बैंक प्रमुख अजय बंगा ने दी दुनिया को चेतावनी

वॉशिंगटन। ईरान और अमेरिका के बीच शांति वार्ता टूट गई है। इससे पश्चिम एशिया में फिर युद्ध भड़कने की आशंका है। इस आशंका के बीच वर्ल्ड बैंक के प्रमुख अजय बंगा ने दुनिया को चेतावनी दी है। वर्ल्ड बैंक प्रमुख ने कहा है कि अगर ईरान और अमेरिका में सीजफायर टूटा, तो इसके बहुत गंभीर नतीजे हो सकते हैं। अजय बंगा ने ये भी कहा है कि युद्ध भले थम गया हो, लेकिन लंबे समय तक इसका असर दुनिया के देशों की अर्थव्यवस्था पर दिखेगा।

वर्ल्ड बैंक अध्यक्ष अजय बंगा ने कहा कि सीजफायर न भी टूटा, तो दुनिया की जीडीपी में 0.3 से 0.4 फीसदी की गिरावट आ सकती है। अगर सीजफायर टूट गया, तो जीडीपी में गिरावट 1 फीसदी तक भी जाने की आशंका उन्होंने जताई। वर्ल्ड बैंक प्रमुख का कहना है कि ईरान और अमेरिका में सीजफायर जारी रहने पर दुनियाभर में 0.2 से 0.3 फीसदी तक महंगाई बढ़ने की आशंका है। जबकि, अगर युद्ध फिर शुरू हुआ, तो महंगाई की दर 0.9 फीसदी तक पहुंच सकती है। उन्होंने कहा कि विकासशील देशों में महंगाई की दर 6.7 फीसदी तक पहुंचने की आशंका है।

वर्ल्ड बैंक अध्यक्ष अजय बंगा ने कहा कि ऊर्जा के आयात पर ज्यादा निर्भर देशों से संगठन बातचीत कर रहा है। छोटे द्वीप समेत जो देश ज्यादा प्रभावित होंगे, उनको इमरजेंसी फंड देने की तैयारी भी की जा रही है। बंगा ने दुनियाभर की सरकारों को चेतावनी दी है कि वे ऊर्जा संबंधी सब्सिडी में न फंसें। वर्ल्ड बैंक अध्यक्ष का कहना है कि इससे आगे चलकर वित्तीय अस्थिरता बढ़ सकती है। अजय बंगा ने सभी देशों को अपनी ऊर्जा स्रोतों में विविधता लाने की सलाह भी दी है। यानी सिर्फ पेट्रोल और डीजल के सहारे अब देशों को नहीं रहना चाहिए। बता दें कि ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच 28 फरवरी से युद्ध शुरू हुआ था। जिसकी वजह से होर्मुज स्ट्रेट होकर पेट्रोलियम उत्पाद वाले जहाजों का आवागमन बाधित हुआ। जिसकी वजह से दुनिया के तमाम देशों में ऊर्जा संकट गहराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *