लखीमपुर खीरी जिले का मियांपुर गांव अब होगा रविंद्र नगर, सीएम योगी आदित्यनाथ ने नाम बदलने का ऐलान
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज लखीमपुर खीरी जिले के का मियांपुर गांव का नाम बदलकर गुरुदेव रविंद्र नाथ ठाकुर के नाम पर रविंद्र नगर करने का ऐलान किया। सीएम ने कहा, पाकिस्तान का पहले भी विभाजन हुआ था और अभी वो और भी टुकड़ों में बंटने वाला है। योगी बोले, कांग्रेस का पाप देखो, आपका अधिकार तो लिया, आपसे वोट लेते रहे लेकिन कभी जमीन का मालिकाना अधिकार नहीं दिया। पहचान छुपाने के लिए गांव का नाम भी मियांपुर रख दिया। एक भी मियां नहीं लेकिन गांव का नाम मियांपुर रख दिया था।
योगी ने बांग्लादेश से 1947 और 1971 में विस्थापित होकर आए एक हजार से अधिक हिंदू, सिख, बौद्ध, जैन, ईसाई परिवारों को जमीन का पट्टा देने के साथ भौमिक अधिकार पत्र सौंपा। साथ ही स्थानीय थारू जनजाति के 4,356 परिवारों को भी भौमिक अधिकार पट्टों का आवंटन किया। योगी ने विस्थापित परिवारों से कहा, नागरिकता संशोधन कानून ने आपको आपका अधिकार दिया है, कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, टीएमसी सीएए का विरोध करती थी। हिंदुओं का नरसंहार हुआ, सिखों का नरसंहार हुआ, न कांग्रेस बोलती है, न समाजवादी पार्टी और न टीएमसी, इन सबके मुंह सिले हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा, माफिया मिट्टी में मिल चुके हैं, फिर भी कोई माफिया बनने का प्रयास करेगा, तो मिट्टी में मिलने की तैयारी भी कर ले। हमारा ‘नया उत्तर प्रदेश’ माफिया मुक्त, गुंडा मुक्त, दंगा मुक्त और कर्फ्यू मुक्त है। योगी ने कहा कि थारू जनजाति के लोगों पर समाजवादी पार्टी की सरकार ने मुकदमे दर्ज करा दिए थे। आज मैं कह रहा हूं, सारे मुकदमों को हम वापस लेंगे। हर नागरिक को उसका अधिकार मिले, यही तो डबल इंजन की सरकार की संवेदनशीलता है। हम एकजुट होने का आह्वान करते हैं और समाजवादी पार्टी जिन्ना का महिमामंडन करती है। जातीय विभाजन से सामाजिक ताने-बाने को छिन्न-भिन्न करने का पाप करती है।
