July 5, 2026

Hind foucs news

hindi new update

सीतापुर से कांग्रेस सांसद राकेश राठौर महिला से दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के सीतापुर से कांग्रेस सांसद राकेश राठौर को महिला से दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। सीतापुर सीजेएम अदालत ने सोमवार को कांग्रेस सांसद के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया था। राकेश राठौर ने इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच में अग्रिम जमानत के लिए याचिका डाली थी मगर उनकी अर्जी बुधवार को खारिज हो गई और जज ने उनको सरेंडर करने का आदेश दिया। अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद कांग्रेस सांसद आज अपने आवास पर प्रेस कांफ्रेंस कर रहे थे तभी पुलिस ने वहां पहुंचकर उन्हें अरेस्ट कर लिया।

कांग्रेस सांसद के खिलाफ 15 जनवरी को सीतापुर कोतवाली में महिला ने दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था। महिला का कहना है कि राकेश राठौर शादी का झांसा देकर 4 साल से उसका यौन शोषण कर रहे हैं। साथ ही राकेश राठौर ने महिला को कांग्रेस की सीतापुर जिला अध्यक्ष बनवाने का भी वादा किया था। कांग्रेस सांसद को 25 जनवरी को नोटिस जारी किया गया था। इस नोटिस में उन्हें 27 जनवरी सुबह 11 बजे तक सीतापुर कोतवाली में हाजिर होकर बयान दर्ज कराने का मौका दिया गया था, मगर कांग्रेस सांसद बयान दर्ज कराने कोतवाली नहीं पहुंचे।

पुलिस अब उनको गिरफ्तार कर कोतवाली ले गई है जहां से उनको कोर्ट ले जाया जाएगा। आपको बता दें कि जिस महिला ने कांग्रेस सांसद पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है उसकी और सांसद के बीच फोन पर हुई बातचीत का एक ऑडियो भी बीते दिनो वायरल हुआ था। उस ऑडियो में कांग्रेस सांसद ने इस बात को स्वीकार किया था कि उनके उस महिला के साथ शारीरिक संबंध हैं। उधर, कांग्रेस सांसद राकेश राठौर के वकील का कहना है कि उनको झूठे आरोपों में फंसाने का प्रयास किया जा रहा है। यह एक राजनीतिक साजिश है। पुलिस इस मामले की पड़ताल कर रही है।