July 4, 2026

Hind foucs news

hindi new update

राम मंदिर में चढ़ावे की गिनती के नियम और व्यवस्था में हुए बड़े बदलाव, पहले से और सख्त की गई सुरक्षा चेकिंग

नई दिल्ली। अयोध्या राम मंदिर में आने वाले चढ़ावे की गिनती करने संबंधी व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। काउंटिंग हॉल में प्रवेश और निकासी के समय कर्मचारियों को गहन सुरक्षा चेकिंग से गुजरना होगा। इसके साथ ही गणना कक्ष में मोबाइल, कैमरा, बैग या अन्य किसी प्रकार के निजी सामान को ले जाने की अनुमति नहीं होगी। चढ़ावे की काउंटिंग में जिन कर्मचारियों की ड्यूटी होगी उनको अब डार्क ब्लू कलर की विशेष ड्रेस पहनना अनिवार्य होगा। यह ड्रेस बिना जेब वाली होगी। चढ़ावे की गिनती अब जमीन पर बैठकर की जाएगी।

सीसीटीवी के जरिए पूरी प्रक्रिया की अब और भी कड़ी निगरानी रखी जाएगी। यहां तक कि काउंटिंग हॉल में प्रवेश से पहले कर्मचारियों को जूते और चप्पल भी बाहर उतारने होंगे। बता दें कि मंदिर से चढ़ावा चोरी मामले की एसआईटी जांच जारी है। हालांकि एसआईटी अपनी प्रारम्भिक रिपोर्ट पहले ही यूपी सरकार को दे चुकी है। एसआईटी की रिपोर्ट की अनुशंसा के बाद श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य कृष्ण मोहन की ओर से दी गई शिकायत के आधार पर रमाशंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव, अनुकल्प मिश्रा, रमाशंकर मिश्रा, लवकुश मिश्रा, अविनाश शुक्ला, मनीष यादव, सुभाष श्रीवास्तव और करुणेश पाण्डेय के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की गई थी। फिलहाल यह सभी आरोपी जेल में हैं।

वहीं 6 जुलाई को श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक प्रस्तावित है जिसमें महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा के इस्तीफे पर फैसला लिया जाएगा। राय और मिश्रा ने नैतिकता के आधार पर 26 जून को इस्तीफा दे दिया था। वहीं अधिवक्ता अजय कुमार राय और दिनेश कुमार यादव की ओर से सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर इस मामले की त्वरित सुनवाई और सीबीआई अधिकारी के नेतृत्व वाले विशेष जांच दल से इस मामले की जांच कराने के आदेश देने का अनुरोध किया गया था हालांकि शीर्ष अदालत ने इस याचिका पर तुरंत सुनवाई से इनकार कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *