20 अगस्त को हरिहर मंदिर में जलाभिषेक के लिए संभल पहुंचेंगे शिव सैनिक
नरेंद्र बंसल –
संभल। 20 अगस्त को संभल स्थित हरिहर मंदिर में जलाभिषेक को लेकर शिवसेना यूबीटी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में प्रदेश महासचिव धर्मेंद्र तोमर और मुरादाबाद जिला प्रमुख वीरेंद्र अरोड़ा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने संभल एसडीएम विकास चंद्र और सीओ संभल कुलदीप कुमार से मुलाकात की।
प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों को बताया कि 20 अगस्त को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से शिव सैनिक मुरादाबाद पहुंचेंगे और वहां से हरिहर मंदिर में जलाभिषेक के लिए संभल रवाना होंगे। अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल से कहा कि हरिहर मंदिर से संबंधित मामला न्यायालय में विचाराधीन है। ऐसे में अनुमति के लिए शासन स्तर पर वार्ता के बाद ही निर्णय लिया जा सकता है।
इस पर शिवसेना यूबीटी के प्रदेश महासचिव धर्मेंद्र तोमर ने कहा कि यदि विवादित स्थल पर नमाज अदा की जा रही है तो जलाभिषेक पर रोक क्यों लगाई जा रही है। उन्होंने दावा किया कि 20 अगस्त को बड़ी संख्या में शिव सैनिक हरिहर मंदिर पहुंचकर जलाभिषेक करेंगे।
मेरठ से जिला प्रमुख संदीप गर्ग के नेतृत्व में शिव सैनिक निजी वाहनों से मुरादाबाद पहुंचेंगे और वहां से संभल के लिए रवाना होंगे। प्रतिनिधिमंडल में मेरठ युवा सेना जिलाध्यक्ष अवनीश आर्य, जिला मीडिया प्रभारी कमल प्रजापति, प्रतीक कपूर, अरुण ठाकुर सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
