रक्षाबंधन पर मेरठ परिक्षेत्र में 3500 पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा व्यवस्था
नरेंद्र बंसल –
मेरठ। रक्षाबंधन पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए मेरठ परिक्षेत्र में व्यापक पुलिस सुरक्षा व्यवस्था की गई है। 28 अगस्त को मनाए जाने वाले रक्षाबंधन पर्व के दौरान बाजारों, रेलवे व बस स्टेशनों, प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थलों पर भीड़ को देखते हुए करीब 3500 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।
मेरठ परिक्षेत्र के जनपदों में सुरक्षा व्यवस्था के लिए 5 अपर पुलिस अधीक्षक, 20 क्षेत्राधिकारी, 80 निरीक्षक, 600 उपनिरीक्षक, 1005 मुख्य आरक्षी, 1360 आरक्षी, 380 होमगार्ड/पीआरडी जवान तथा एक कंपनी पीएसी तैनात की गई है। इसके अलावा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के लिए 83 एंटी रोमियो स्क्वॉड सक्रिय किए गए हैं। इनमें मेरठ में 32, बुलंदशहर में 28, बागपत में 12 और हापुड़ में 11 स्क्वॉड शामिल हैं।
परिक्षेत्र में रक्षाबंधन के अवसर पर कुल 10 मेलों का आयोजन प्रस्तावित है। इनमें मेरठ में पांच और हापुड़ में पांच मेले शामिल हैं। सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था को लेकर पुलिस ने पीस कमेटी, धर्मगुरुओं, शांति समितियों और संभ्रांत नागरिकों के साथ 90 गोष्ठियां, जबकि नगर निगम, स्वास्थ्य, विद्युत सहित अन्य विभागों के साथ 80 बैठकें आयोजित की हैं।
डीआईजी मेरठ परिक्षेत्र कलानिधि नैथानी ने सभी जनपद प्रभारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सादे कपड़ों में महिला पुलिसकर्मियों व एंटी रोमियो स्क्वॉड की तैनाती, चेन स्नैचिंग, जेबकटी और छेड़छाड़ करने वालों पर कार्रवाई तथा मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में पुलिस पिकेट बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
त्योहार के दौरान बढ़ने वाले यातायात को देखते हुए प्रमुख मार्गों को चिन्हित कर यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने, रेलवे व बस स्टेशनों पर पर्याप्त पुलिस बल लगाने और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए विशेष प्रबंध करने को कहा गया है। मॉल, बाजार, पार्क एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के साथ एंटी-सबोटाज टीमों को भी सक्रिय रखा जाएगा।
पुलिस को असामाजिक एवं अराजक तत्वों पर नजर रखने तथा छोटी से छोटी सूचना पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही नियंत्रण कक्ष और सोशल मीडिया सेल को सक्रिय रखते हुए अफवाह व भ्रामक सूचनाएं फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
