लखनऊ में शख्स ने बैंक अफसर पत्नी की हत्या की, घर जाकर बहन को मार डाला, फिर खुद को गोली से उड़ाया
लखनऊ। यूपी की राजधानी लखनऊ में गुरुवार को संगीन वारदात हुई। मानस वाजपेयी नाम के शख्स ने पहले अपनी पत्नी दिव्या मिश्रा की गोली मारकर हत्या की। जिसके बाद बहन तूलिका की जान ली। उसके बाद मानस ने खुदकुशी कर ली। दिव्या मिश्रा लखनऊ के पॉश इलाके गोमतीनगर में आईसीआईसीआई बैंक में काम करती थी। जबकि, मानस वाजपेयी एसबीआई में कर्मचारी था। मानस की बहन तूलिका अविवाहित थी। मानस का घर गोमतीनगर के ही हुसड़िया में था।
लखनऊ पुलिस में डीसीपी ईस्ट डॉ. दीक्षा शर्मा के मुताबिक मानस वाजपेयी ने आईसीआईसीआई बैंक के बाहर पत्नी दिव्या को गोली मार दी। वो बैंक पहुंचा था और फिर पत्नी को बाहर बुलाया। दिव्या बाहर आई और मानस वाजपेयी से कुछ देर बात की। जिसके बाद मानस ने पत्नी को गोली मार दी और फिर वहां से फरार हो गया। गोली लगने से दिव्या की मौके पर ही मौत हो गई। पत्नी की हत्या के बाद मानस अपने घर पहुंचा। जहां उसने बहन को गोली मारकर जान ली। जिसके बाद उसने खुद को भी गोली मार ली।
पुलिस को जब जानकारी मिली कि हुसड़िया में एक व्यक्ति ने बहन को गोली मारने के बाद खुदकुशी की है, तो सारे तार जोड़ने पर पता चला कि हत्या और खुदकुशी की घटनाएं मानस वाजपेयी ने ही की हैं। पुलिस के मुताबिक मानस के घर से तीन हथियार मिले हैं। मानस ने अपने वाट्सएप स्टेटस में लिखा कि पत्नी की हत्या कर दी है और अब खुद भी आत्महत्या कर रहा हूं। उसने लिखा कि प्रज्ञा और भरत सब जानते हैं। जानकारी के मुताबिक दिव्या ने एक साल पहले पति से तलाक के लिए कोर्ट में अर्जी दी थी। पुलिस इस बारे में और छानबीन कर रही है। फिलहाल दिव्या मिश्रा, तूलिका और मानस की मौत की शहर में चर्चा हो रही है।
