June 2, 2026

Hind foucs news

hindi new update

सिर्फ 10 हजार रुपयों का है मामला, बहनोई को ‘सबक सिखाने’ के लिए महिला ने भांजे को मार डाला

देश की राजधानी दिल्ली से एक दिल को दहला देने वाली खबर सामने आ रही है। दिल्ली पुलिस ने 2.5 साल के भांजे की हत्या करने के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बताया कि महिला ने अपने बहनोई को ‘सबक सिखाने’ के लिए भांजे की हत्या की क्योंकि उसे उस पर चोरी करने का संदेह था। उन्होंने बताया कि आरोपी बसंती को संदेह था कि उसके बहनोई ने उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के बवाना में स्थित उसकी मां के घर से 10 हजार रुपये चोरी किए हैं। उन्होंने कहा कि CCTV फुटेज की मदद से आरोपी महिला को गिरफ्तार किया गया।

भाई को पुकारा तो नहीं मिला जवाब

अधिकारियों के मुताबिक, बुधवार शाम 5:46 बजे एक बच्चे के लापता होने की सूचना मिली, और पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तो बसंती ने बताया कि उसकी बहन रीना का बेटा आयुष घर से लापता है और कोई उसे उठाकर ले गया है। पुलिस ने कहा कि बसंती ने दावा किया कि उसने आयुष को घर के बाहर रोता हुए देखा था, जिसके बाद वह उसे अंदर ले आई थी और सोने के लिए एक कमरे में भेज दिया था। पुलिस उपायुक्त (बाहरी उत्तरी) रवि कुमार सिंह ने कहा कि जब आयुष की 7 वर्षीय बहन माला वहां पहुंची और आयुष नहीं मिला तो उसने पड़ोसियों को पुकारा, जिसके बाद बसंती ने पुलिस को फोन किया।

CCTV फुटेज ने खोल दी सारी पोल

डीसीपी ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल करने पर पता चला कि बंसती बच्चे को लेकर घर में घुसी थी और कुछ मिनट बाद बच्चे के बिना बाहर निकल गई। DCP ने कहा कि बच्चे की बहन के शोर मचाने से पहले तक कोई भी घर के अंदर नहीं घुसा था। सिंह ने कहा कि इससे बसंती पर संदेह हुआ और घर की जांच के दौरान पानी की एक टंकी से बच्चे का शव बरामद किया गया। DCP ने कहा कि परिस्थितिजन्य साक्ष्य के आधार पर बसंती को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने कहा कि घटना के समय बच्चे के माता-पिता काम के लिए बाहर गए थे।

महिला को बहनोई पर था चोरी का शक

अधिकारियों ने कहा कि महिला ने अपने भांजे की हत्या की बात कबूल कर ली और बताया कि उसे संदेह था कि उसके बहनोई ने करीब 20 दिन पहले उसकी मां के 10 हजार रुपये चुराए थे। उन्होंने बताया कि महिला ने कहा कि इसके चलते उसका अपने पति और बहन के ससुराल वालों से झगड़ा हुआ था। पुलिस ने बताया कि बसंती ने कहा कि ‘उन्हें सबक सिखाने’ के लिए उसने बच्चे की हत्या कर दी। पुलिस ने कहा कि महिला के खिलाफ बवाना थाने में  IPC की धारा 302 (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

NEWS SOURCE : indiatv

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *