सोनिया गांधी के राजस्थान से राज्यसभा का परचा भरने पर बीजेपी ने साधा निशाना
नई दिल्ली/जयपुर। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी राजस्थान से राज्यसभा का चुनाव लड़ने जा रही हैं। उनका राज्यसभा पहुंचना तय है। इस मसले पर बीजेपी अब कांग्रेस पर हमलावर हो गई है। बीजेपी ने तरह-तरह से कांग्रेस और सोनिया गांधी पर निशाना साधा है। राजस्थान में बीजेपी के अध्यक्ष सीपी जोशी ने सोनिया गांधी को बाहरी बताया है। वहीं, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने सोनिया गांधी पर अलग ही अंदाज में निशाना साधा। उधर, राजस्थान के पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने राज्य से सोनिया गांधी के परचा भरने को गौरव की बात बताया।
सोनिया गांधी अब तक यूपी की रायबरेली सीट से कांग्रेस सांसद रही हैं। वो रायबरेली सीट से 4 बार कांग्रेस के टिकट पर जीतीं, लेकिन हर बार उनके वोट यहां से कम होते रहे। 2019 के लोकसभा चुनाव में रायबरेली सीट पर सोनिया गांधी को करीब 55 फीसदी वोट मिले थे। जबकि, पहली बार जब वो यहां से लोकसभा चुनाव जीती थीं, तो उनको 80 फीसदी से ज्यादा लोगों ने वोट दिए थे। ऐसे में इस बार ये चर्चा भी तेज है कि लोकसभा चुनाव में हार का खतरा सोनिया गांधी को लग रहा था। इसी वजह से वो राज्यसभा जा रही हैं। 2022 में यूपी में हुए विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस को रायबरेली सीट पर पराजय का सामना करना पड़ा था।
बता दें कि रायबरेली की पड़ोस की सीट अमेठी से सोनिया के बेटे और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी 2019 में बीजेपी की स्मृति इरानी से लोकसभा चुनाव हार गए थे। इस बार चर्चा है कि रायबरेली से कांग्रेस के टिकट पर सोनिया की बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा लोकसभा चुनाव लड़ सकती हैं। अब सबकी नजर इस पर है कि अगर प्रियंका गांधी रायबरेली से लोकसभा चुनाव लड़ती हैं, तो बीजेपी उनके खिलाफ किसे टिकट देती है और यहां का चुनाव नतीजा क्या होता है।
