दिल्ली में हवा और पानी दोनों प्रदूषित, सफेद जहरीली झाग से पटी यमुना, बीजेपी ने आप सरकार को बताया जिम्मेदार
नई दिल्ली। दिल्ली में ठंड की दस्तक के साथ ही प्रदूषण भी बढ़ने लगा है। राजधानी के बहुत से इलाकों का एक्यूआई खतरनाक स्तर पर 300 से 400 के आस-पास है। आलम यह है कि दिल्ली में हवा के साथ-साथ पानी भी प्रदूषित है। यमुना नदी का हाल बेहाल है। हर तरफ फैली सफेद जहरीली झाग से यमुना पटी पड़ी है।
वहीं अब इस बढ़ते प्रदूषण पर बीजेपी ने दिल्ली की आम आदमी पार्टी की सरकार पर निशाना साधा है। बीजेपी नेता शहजाद पूनावाला ने यमुना नदी के किनारे पहुंचकर कहा, आज, मैंने यमुना से एक गिलास पानी पीने के बारे में सोचा क्योंकि दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दावा किया था कि यमुना नदी 2025 तक साफ हो जाएगी। हालांकि, जब हमने एक गिलास में यमुना का पानी भरने की कोशिश की, हमें केवल झाग मिला, पानी नहीं। ‘यमुना नदी का पानी जहरीला हो गया है।
पूनावाला ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि वह 2025 तक यमुना नदी को साफ कर देंगे, जब लोग यमुना नदी में छठ पूजा उत्सव मनाएंगे, तो क्या आप कल्पना कर सकते हैं कि उन्हें कितनी बीमारियाँ होंगी क्या आप भुगत रहे हैं? आम आदमी पार्टी के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार ने यमुना नदी की सफाई का सारा पैसा विज्ञापनों पर खर्च कर दिया है। वे इस स्थिति के लिए उत्तर प्रदेश और हरियाणा को दोषी ठहराएंगे, जहरीली राजनीति ही दिल्ली में जहरीली हवा और पानी का कारण है।
वहीं, बीजेपी सांसद हर्ष मल्होत्रा ने भी यमुना का दौरा किया और कहा कि कालिंदी कुंज इलाके में यमुना नदी में ऑक्सीजन का स्तर शून्य है। केंद्र सरकार द्वारा दिल्ली सरकार को यमुना नदी की सफाई के लिए दिए गए 3000 करोड़ रुपये भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गए। आप सरकार झूठ फैलाने और जनता को भ्रमित करने में माहिर है। हर्ष मल्होत्रा ने दिल्ली सरकार की आलोचना करते हुए कहा, दिल्ली में प्रदूषण के स्तर में कोई सुधार नहीं हुआ है और न ही यमुना नदी में प्रदूषण कम हुआ है। इस स्थिति के लिए अरविंद केजरीवाल और आतिशी की सरकार जिम्मेदार है।
