June 2, 2026

Hind foucs news

hindi new update

आरएमएल अस्पताल में भर्ती बीजेपी सांसदों मुकेश राजपूत और प्रताप सारंगी का शिवराज सिंह चौहान ने जाना हाल

नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दिल्ली के आरएमएल अस्पताल में भर्ती बीजेपी सांसदों मुकेश राजपूत और प्रताप सारंगी से मिलकर उनका हाल चाल पूछा। बीजेपी के ये दोनों सांसद कल संसद परिसर में धक्का-मुक्की के दौरान घायल हो गए थे। दोनों को सिर पर चोट आई है जिसके चलते उनको आईसीयू में रखा गया था। हालांकि फिलहाल दोनों सांसदों की हालत बेहतर है। बीजेपी का आरोप है कि कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने जानबूझकर धक्का दिया जिससे दोनों सांसद सीढ़ियों से गिरकर चोटिल हो गए। वहीं बीजेपी सांसदों से मिलने के बाद शिवराज चौहान ने एक बार फिर  राहुल गांधी और कांग्रेस पर निशाना साधा।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि लोकतंत्र का गला घोटना, लोकतंत्र का अपमान, ये कांग्रेस के डीएनए में है। पहले भी 1975 में इंदिरा गांधी ने लोकतंत्र का गला घोंटा था और लोकतंत्र को पूरी तरह से समाप्त कर दिया था। वही परंपरा राहुल गांधी आगे बढ़ा रहे हैं। अहंकार से भरे यह लोग अपने सामने दूसरों को कुछ समझते ही नहीं हैं। कल जो आचरण अपनाया गया वो मन को व्यथित करने वाला है। कल ना केवल लोकतंत्र का गला घोंटा बल्कि आसन का ऐसा अपमान मैंने पहले कभी नहीं देखा। अब चोरी और सीनाजोरी, जो अपराधी हैं वो आंदोलन कर रहे हैं।

शिवराज बोले, जिन्होंने पाप किया है वो दूसरों की तरफ उंगलियां उठा रहे हैं, लेकिन लोकतंत्र का ये अपमान हिंदुस्तान की जनता कभी सहन नहीं करेगी। संसद का अपमान भी देश की जनता कभी बर्दाश्त नहीं करेगी। जिन्होंने सदैव बाबा साहब आंबेडकर का अपमान किया, नेहरू जी ने उनको मंत्रिमंडल से निकलने पर मजबूर किया, चुनाव हरवाने का पाप किया। कांग्रेस ने कभी बाबा साहेब का स्मारक तक नहीं बनने दिया। बीजेपी सरकार आने के बाद उनके जन्मस्थान पर स्मारक बनवाया गया। लोकतंत्र का गला घोंटने वाले बाबा साहेब का नाम ले रहे हैं, उनको शर्म आनी चाहिए। राहुल गांधी नेता प्रतिपक्ष के पद पर बने रहने के लायक नहीं हैं।