यूपी की सीसामऊ विधानसभा सीट से सपा प्रत्याशी नसीम सोलंकी ने शिवलिंग पर चढ़ाया जल तो भड़के मौलाना
कानपुर। यूपी में 9 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होने जा रहे हैं। इनमें से एक सीट कानपुर की सीसामऊ भी है। सीसामऊ विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी यानी सपा ने पूर्व विधायक इरफान सोलंकी की पत्नी नसीम सोलंकी को प्रत्याशी बनाया है। नसीम सोलंकी अब यहां एक विवाद में घिर गई हैं। उनसे एक तरफ मौलाना नाराज हो गए हैं, तो बीजेपी भी निशाना साध रही है। मामला शिवलिंग पर जल चढ़ाने का है। दरअसल, सपा की प्रत्याशी नसीम सोलंकी ने दिवाली की रात एक ऐतिहासिक शिव मंदिर जाकर वहां जल चढ़ाया। इससे नसीम सोलंकी निशाने पर आ गईं। एक मौलाना ने नसीम सोलंकी के जलाभिषेक करने पर तौबा करने की मांग कर दी है।
नसीम सोलंकी के मंदिर जाने का जो वीडियो आया है। उसमें वो पूरे विधि-विधान से भोलेनाथ की पूजा अर्चना करती नजर आ रही हैं। सिर पर पल्लू रखे नसीम सोलंकी पुरोहितों के बताए तरीके से भगवान शिव की पूजा में लीन दिख रही हैं। सपा प्रत्याशी नसीम सोलंकी के शिवलिंग की पूजा और जलाभिषेक करने पर एक मौलाना भड़क गए। वहीं, बीजेपी के नेताओं ने नसीम सोलंकी के बहाने सपा के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी निशाना साध दिया। दरअसल, मुस्लिम मूर्तिपूजा नहीं करते। इस्लाम में मूर्तिपूजा को अपराध माना जाता है। वहीं, बीजेपी कह रही है कि चुनाव की वजह से नसीम सोलंकी ने ऐसा किया। सुनिए मौलाना और बीजेपी के नेता किस तरह शिवलिंग पर नसीम सोलंकी के जल चढ़ाने और पूजा करने पर भड़के।
कानपुर की सीसामऊ सीट से 2022 में नसीम सोलंकी के पति इरफान सोलंकी सपा के टिकट पर विधायक बने थे। एक महिला का घर जलाने और बांग्लादेशियों को बसाने के आरोपों में इरफान सोलंकी गिरफ्तार हुए थे। उनको एक मामले में कोर्ट ने सजा सुनाई। इरफान सोलंकी को सजा होने के कारण सीसामऊ विधानसभा सीट से उनकी सदस्यता रद्द हो गई। जिसके कारण अब सीसामऊ में चुनाव होने जा रहे हैं। सपा ने इरफान सोलंकी की पत्नी नसीम सोलंकी को ही टिकट देकर वहां फिर से जीत हासिल करने की कोशिश की है। अब नसीम सोलंकी का मंदिर जाकर जलाभिषेक करने का मामला तूल पकड़ता दिख रहा है। खबर लिखे जाने तक नसीम सोलंकी की कोई प्रतिक्रिया नहीं आई थी।
