प्लास्टिक के बर्तन में भोजन करने से अचानक हो सकती है मौत!, जानिए किसने दी ये चेतावनी
नई दिल्ली। अगर आप प्लास्टिक के बर्तन में भोजन करते हैं या बाहर का पका खाना प्लास्टिक के डिब्बे में पैक करवाते हैं, तो ऐसा करना आपकी अचानक मौत का कारण बन सकता है। क्लीवलैंड क्लीनिक ने शोध का हवाला देते हुए ये दावा किया है। शोध के मुताबिक प्लास्टिक के बर्तन में भोजन करने से कंजेस्टिव हार्ट फेलियर यानी सीएचएफ हो सकता है। साथ ही इससे कैंसर और बांझ होने का भी जोखिम बढ़ता है। इसकी वजह ये है कि प्लास्टिक के छोटे कण भोजन के साथ पेट में जाते हैं और वे खून में घुलकर शरीर को नुकसान पहुंचा देते हैं।
कंजेस्टिव हार्ट फेलियर यानी सीएचएफ में दिल तो काम करता है, लेकिन ठीक से खून को पंप नहीं कर पाता। इसकी वजह से शरीर के दूसरे हिस्सों में खून जमा हो जाता है। शोध में ये पता चला है कि प्लास्टिक के कण भोजन के साथ पेट में जाते हैं। फिर वहां से खून में मिल जाते हैं। खून में मिले प्लास्टिक के कण शरीर की धमनियों में सूजन ला देते हैं। जिसकी वजह से दिल के खून पंप करने का काम ठीक से नहीं हो पाता और इससे संबंधित व्यक्ति की अचानक मौत हो सकती है। इस शोध के तहत चीन में 3000 ऐसे लोगों को चुना गया, जो प्लास्टिक के बर्तन में खाना खाते या उसे पैक कराते हैं। शोध में देखा गया कि इनमें से कितने लोगों को दिल की बीमारी है। वहीं, इस शोध के दूसरे हिस्से को चूहों पर किया गया।
प्लास्टिक को बनाने में कई तरह के रसायन इस्तेमाल किए जाते हैं। जब भी गर्म भोजन प्लास्टिक के बर्तन में रखा जाता है, तो इसमें ये खतरनाक रसायन भी मिल जाते हैं। इन खतरनाक रसायनों की वजह से कैंसर और बांझ होने का भी खतरा रहता है। बता दें कि कैंसर के मरीज लगातार बढ़ते जा रहे हैं। हालांकि, ताजा शोध में ये नहीं पता चला कि प्लास्टिक के कौन से केमिकल से ये खतरनाक बीमारियां भी हो सकती हैं। प्लास्टिक में करीब 20000 रसायन होने की भी जानकारी मिल चुकी है।
