April 23, 2026

Hind foucs news

hindi new update

संभल हिंसा के दौरान वकील विष्णु शंकर जैन की हत्या की थी प्लानिंग, गिरफ्तार आरोपी ने किया खुलासा

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के संभल जिले में हुई हिंसा मामले में एक बहुत बड़ा खुलासा हुआ है। हिंसा के दौरान सुप्रीम कोर्ट के वकील विष्णु शंकर जैन की हत्या प्लानिंग थी। हिंसा के एक आरोपी गुलाम ने पुलिस को पूछताछ में यह बात बताई है। गुलाम को हाल ही में गिरफ्तार किया गया है। वकील विष्णु शंकर जैन ने ही संभल की जामा मस्जिद के पूर्व में हरिहर मंदिर होने का दावा करते हुए सिविल कोर्ट में याचिका दाखिल की है। इसके अलावा वाराणसी ज्ञानवापी, मध्य प्रदेश धार भोजशाला समेत कई मामलों में भी वो पैरवी कर रहे हैं।

अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि-बाबरी मस्जिद विवाद के केस में भी उनकी भूमिका रही थी। पुलिस के अनुसार संभल हिंसा का आरोपी गुलाम शारिक साटा नाम के हथियार तस्कर के लिए काम करता है। सारिक साटा फिलहाल दुबई में है और वहीं से धंधे को ऑपरेट करता है। गुलाम ने बताया कि जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान हंगामे के बीच वकील विष्णु शंकर जैन को गोली मारने का प्लान था। आपको बता दें कि कोर्ट के आदेश के बाद जामा मस्जिद का सर्वे करने के लिए एएसआई की टीम 24 नवंबर 2024 को संभल पहुंची। वहां लोगों की भीड़ ने मस्जिद के सर्वे का विरोध किया।

देखते ही देखते भीड़ हिंसक हो गई और उन्होंने पुलिस पर हमला कर दिया। भीड़ आगजनी के साथ फायरिंग और ईंट पत्थर चलाने लगी। इस हिंसा में चार लोगों की मौत हो गई थी जबकि कई पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पुलिस ने इस मामले में सात अलग-अलग एफआईआर दर्ज की थी। संभल हिंसा से जुड़े कई आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है और कई अन्य की तलाश अभी भी जारी है। हिंसा में शामिल अपराधियों की सीसीटीवी और वायरल वीडियो की मदद से पहचान कर उनके पोस्टर भी जारी किए गए हैं।