June 25, 2026

Hind foucs news

hindi new update

इन शर्तों को पूरा करने पर ही दिल्ली में मिलेंगे महिला सम्मान योजना के तहत हर महीने 2500 रुपए

नई दिल्ली। दिल्ली में रहने वाली महिलाओं को जल्दी ही महिला सम्मान योजना के तहत हर महीने 2500 रुपए देने की तैयारी है। सीएम रेखा गुप्ता ने पद संभालने से पहले ही ये बात कही थी कि दिल्ली में महिला सम्मान योजना का वादा बीजेपी की सरकार पूरा करेगी। रेखा गुप्ता ने महिला सम्मान योजना लागू करने के लिए दिल्ली सरकार के वित्त सचिव और अन्य संबंधित विभागों के अफसरों के साथ बैठक भी की थी। रेखा गुप्ता की दिल्ली सरकार महिला सम्मान योजना का रजिस्ट्रेशन पोर्टल के जरिए करेगी। महिला सम्मान योजना का फायदा लेने वाली लाभार्थियों के लिए कुछ अहम शर्तें भी होंगी।

महिला सम्मान योजना का लाभ सिर्फ दिल्ली की गरीब परिवार की महिलाओं को ही सीएम रेखा गुप्ता देंगी। इन महिलाओं की संख्या 18-19 लाख होने की संभावना है। दिल्ली सरकार के मुताबिक हर गरीब पात्र परिवार की एक ही महिला को सम्मान राशि के तहत हर महीने 2500 रुपए दिए जाएंगे।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक महिला सम्मान योजना का लाभ लेने के लिए लाभार्थी के परिवार की सालाना आय 3 लाख रुपए से कम होनी चाहिए। इसके अलावा अन्य सरकारी योजना का लाभ लेने पर महिला सम्मान योजना का लाभ नहीं दिया जाएगा। परिवार का कोई सदस्य अगर सरकारी नौकरी करता है, तो भी महिला को पात्र नहीं माना जाएगा। इसके अलावा लाभार्थी की उम्र 21 से 60 साल के बीच होनी चाहिए। क्योंकि 60 साल से ऊपर के बुजुर्गों को वृद्धावस्था पेंशन दी जाती है।

वहीं, सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक महिला सम्मान योजना का लाभ लेने के लिए लाभार्थी के पास पैन कार्ड, आधार कार्ड और बैंक खाता भी होना जरूरी है। डीबीटी के जरिए ही लाभार्थी के बैंक खाते में महिला सम्मान योजना की 2500 रुपए की धनराशि हर महीने ट्रांसफर की जाएगी। अगर किसी भी वक्त पता चला कि महिला सम्मान योजना लेने के लिए लाभार्थी ने दिल्ली सरकार को गलत जानकारी दी है, तो पहले दी गई पूरी रकम की वसूली भी की जाएगी। इसलिए जब भी आप महिला सम्मान योजना के लिए रजिस्ट्रेशन करें, तो उपरोक्त शर्तों को ध्यान में जरूर रखें। ताकि किसी भी तरह की दिक्कत से बचें और हर महीने 2500 रुपए हासिल कर सकें।