जुगाड़ के जमघट से जनादेश के पनघट तक नहीं पहुंचा जा सकता, राहुल गांधी-तेजस्वी यादव की वोटर अधिकार यात्रा पर मुख्तार अब्बास नकवी का तंज
नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और आरजेडी विधायक तेजस्वी यादव बिहार में वोटर अधिकार यात्रा निकाल रहे हैं। वोटर अधिकार यात्रा के दूसरे दिन आज दोनों नेता औरंगाबाद के सूर्य देव मंदिर पहुंचे और वहां पूजा अर्चना के बाद यात्रा की शुरुआत की। इस दौरान बीजेपी ने विपक्ष की इस वोटर अधिकार यात्रा पर तंज कसा है। बीजेपी के वरिष्ठ नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि इस तरह के जुगाड़ के जमघट से जनादेश के पनघट तक नहीं पहुंचा जा सकता। अब इन्हें भी अच्छी तरह मालूम है कि इस तरह का जुगाड़ा का जमघट जनादेश के पनघट तक पहुंचने से पहले ही चारों खाने चित होने वाला है।
नकवी ने वोटर अधिकार यात्रा पर सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर किसका वोट छिन रहा है? जो असली मतदाता हैं उनकी सुरक्षा और जो फर्जी वोटर हैं उनकी समीक्षा बहुत जरूरी है। बीजेपी नेता ने कहा, इसके अलावा वो उन करोड़ों मतदाताओं पर सवाल उठा रहे हैं जिन्होंने निष्पक्षता और स्वतंत्रता के साथ पूरे जुनून और जज्बे से मतदान किया, उनको ‘फर्ज़ी वोटर’ कहना सरासर गलत है। वहीं उत्तराखंड कैबिनेट द्वारा अल्पसंख्यक शिक्षा विधेयक 2025 को मंजूरी दिए जाने पर मुख्तार अब्बास नकवी ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भारत एक धर्मनिरपेक्ष देश है। समाज के सभी वर्गों को मुख्यधारा की शिक्षा में हिस्सेदारी और भागीदारी का मौका मिलना ही चाहिए। इस तरह से धार्मिक स्तर पर शिक्षा को सरकारी तरीके से संरक्षण नहीं दिया जाना चाहिए।
आपको बता दें कि राहुल गांधी के नेतृत्व में शुरू की गई वोटर अधिकार यात्रा 16 दिनों तक चलेगी, इस दौरान बिहार के 20 से ज्यादा जिलों से गुजरते हुए लगभग 1300 किलोमीटर की दूरी यात्रा के दौरान तय की जाएगी। इस यात्रा का प्रारम्भ कल रविवार को सासाराम से हुआ था, इसका समापन 1 सितंबर को पटना के गांधी मैदान में एक विशाल रैली के साथ होगा।
