अगर कोई हिमाकत की तो इतिहास और भूगोल दोनों बदल जाएंगे…विजयादशमी पर राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को दी खुली चेतावनी
नई दिल्ली। विजयादशमी के अवसर पर गुजरात के कच्छ में भारतीय सेना के शस्त्र पूजन कार्यक्रम में शामिल होते हुए केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी। उन्होंने कहा, आजादी के 78 साल बाद भी सर क्रीक इलाके में सीमा विवाद को लेकर एक विवाद खड़ा किया जाता है। भारत ने बातचीत के जरिए इसे सुलझाने की कई कोशिशें की हैं, लेकिन पाकिस्तान की नीयत में खोट है, उसकी नीयत साफ नहीं है। जिस तरह से हाल में पाकिस्तानी सेना सर क्रीक से सटे इलाकों में अपने सैन्य बुनियादी ढांचे का विस्तार किया है, उससे उसकी नीयत का पता चलता है। भारतीय सेना और बीएसएफ मिलकर भारत की सीमाओं की रक्षा कर रहे हैं। अगर सर क्रीक इलाके में पाकिस्तान की तरफ से कोई भी हिमाकत की गई तो इतिहास और और भूगोल दोनों बदल जाएंगे।
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, 1965 के युद्ध में भारतीय सेना ने लाहौर तक पहुंचने की क्षमता का प्रदर्शन किया था। आज 2025 में पाकिस्तान को याद रखना चाहिए कि कराची जाने का एक रास्ता सर क्रीक से होकर गुजरता है। उन्होंने कहा, चाहे वह आतंकवाद हो या कोई अन्य खतरा, हमारे पास इससे निपटने और इसे हराने की पूरी क्षमता है। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान, पाकिस्तान ने भारत की रक्षा प्रणालियों में सेंध लगाने का प्रयास किया, लेकिन भारत के सशस्त्र बलों ने अपनी जवाबी कार्रवाई के माध्यम से पाकिस्तान की वायु-रक्षा प्रणाली को पूरी तरह से बेनकाब कर दिया।
ऑपरेशन शिंदूर के दौरान, हमारे सशस्त्र बलों ने यह प्रदर्शित किया कि भारत में शत्रुतापूर्ण ताकतों का पता लगाने और उन्हें नष्ट करने की ताकत है, चाहे वे कहीं भी छिपे हों। यदि दुनिया की कोई भी ताकत भारत के गौरव को चुनौती देगी, तो हम चुप नहीं बैठेंगे। जैसा कि रामचरितमानस में बताया गया है, भगवान राम ने एक श्लोक में कहा है कि देवता, दानव और राजा भी समर्थन से शक्ति प्राप्त करते हैं, यदि कोई युद्ध हमारे सामने थोपा जाता है, तो हम दृढ़ता से लड़ेंगे और विजयी होंगे, चाहे शत्रु कोई भी हो।
