लोकसभा स्पीकर के चेंबर में जाकर कांग्रेस के 20-25 सांसदों ने गाली गलौच की, किरेन रिजिजू ने लगाया गंभीर आरोप
नई दिल्ली। केंद्रीय संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। रिजिजू ने कहा कि कांग्रेस के 20-25 सांसदों ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के चेंबर में घुसकर उनके साथ गाली गलौच की, उनको बुरा भला कहा और धमकी दी। उन्होंने कहा कि जब मैंने कांग्रेस सांसदों को स्पीकर के चेंबर में जाते देखा तो मैं भी वहां पहुंचा। जिस वक्त स्पीकर के साथ गाली गलौच की जा रही थी उस समय वहां पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता केसी वेणुगोपाल, सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा भी मौजूद थीं और वो अपने सांसदों को उकसा रहे थे। अगर हमारे सांसद कुछ गलत करेंगे तो हमारे नेता उनको रोकेंगे मगर उनके तो नेता ही अपने सांसदों को भड़का रहे हैं। रिजिजू ने कहा कि स्पीकर ओम बिरला बहुत ही नर्म हैं और वो इस घटना से काफी आहत हैं।
रिजिजू ने कहा कि राहुल गांधी का कहना है कि उनको सदन में बोलने के लिए किसी की परमीशन की आवश्यकता नहीं है, वो अपनी मर्जी से बोलेंगे। सदन में बोलने के लिए चेयर से परमीशन की जरूरत होती है, यहां तक कि प्रधानमंत्री भी बिना लोकसभा अध्यक्ष की परमीशन के कुछ नहीं बोल सकते हैं। संसद ऐसे नहीं चल सकती कि जब जिसका मन किया वो बोलने लगे।
कांग्रेस और विपक्षी पार्टियों के द्वारा लोकसभा अध्यक्ष के खिलाफ जो अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस दिया गया है उस पर रिजिजू ने कहा कि उसमें क्या करना है, क्या नहीं करना है, इसके लिए एक प्रोसेस तय हैं। इसके अलावा, मेरे पास कहने के लिए ज्यादा कुछ नहीं है, लेकिन मुझे दु:ख इस बात का है कि स्पीकर की गरिमा को उन्होंने गिराया है और कांग्रेस पार्टी के सांसदों ने स्पीकर के चैंबर में जाकर धमकी दी, गाली-गलौज की, स्पीकर को बुरा भला कहा, उनका आदेश नहीं मानते हैं और उसके बावजूद स्पीकर पर ही पक्षपात का आरोप लगाते हैं, यह अजीब विडंबना है जो मैंने पहली बार देखी है।
