ईरान पर अब जमीनी हमला करेगी अमेरिकी सेना!, दो और विकल्पों पर भी विचार कर रहे ट्रंप
वॉशिंगटन। अब तक अमेरिका की सेना ईरान के सैन्य ठिकानों पर हवाई हमले ही कर रही है। अमेरिका ने ईरान के किसी इलाके में सेना नहीं उतारी है, लेकिन अमेरिकी अखबार वॉल स्ट्रीट जर्नल ने दावा किया है कि जल्दी ही अमेरिका की सेना ईरान की जमीन पर उतारने की तैयारी हो रही है। अखबार के मुताबिक राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस बारे में कई दिन तक वरिष्ठ सलाहकारों से चर्चा की है। इसके अलावा ईरान के खिलाफ दो और विकल्पों पर भी अमेरिका के राष्ट्रपति विचार कर रहे हैं।
अखबार की खबर के मुताबिक होर्मुज के पास ईरान के द्वीपों पर अमेरिका की सेना उतारकर उन पर कब्जा किया जा सकता है। इसके अलावा ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई का स्तर बढ़ाने पर भी विचार किया जा रहा है। ईरान के द्वीपों पर कब्जे के अलावा इस्लामी देश पर हवाई हमलों को और बढ़ाने और पिकैक्स माउंटेन नाम की जगह पर जमकर बमबारी करने के विकल्पों पर भी ट्रंप विचार कर रहे हैं। माना जाता है कि ईरान के पिकैक्स माउंटेन के नीचे इस्लामी देश ने गुप्त परमाणु लैब बना रखी है। जो इतनी गहराई पर है कि शायद अमेरिका के बंकर बस्टर बम भी उसे नष्ट करने में नाकाम रहेंगे। इसी वजह से पिकैक्स पर लगातार भारी बमबारी का प्लान है।
पिछले दिनों ट्रंप ने खुद पिकैक्स माउंटेन का नाम भी लिया था। इससे पहले अमेरिका ने ईरान के इस्फहान, नतांज और फोर्डो में अमेरिकी विमानों ने बमबारी की थी। जिसके बाद ट्रंप ने दावा किया था कि ईरान का 60 फीसदी संवर्धित यूरेनियम जमीन में गहरे दफ्न हो गया है। साथ ही ट्रंप ने ये दावा भी किया था कि अब ईरान कभी परमाणु बम नहीं बना सकेगा। जब फरवरी से ईरान और अमेरिका का युद्ध शुरू हुआ, उसके बाद से ट्रंप लगातार कहने लगे कि ईरान से समझौते के तहत इस यूरेनियम को निकाला जाना है। ट्रंप अब ये कह रहे हैं कि ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई न हुई, तो परमाणु बम बनाकर वो दुनिया के लिए बड़ा खतरा बन जाएगा। वहीं, ईरान लगातार ये कहता है कि न उसके पास परमाणु हथियार है और न ही वो बनाना चाहता है।
