March 10, 2026

Hind foucs news

hindi new update

राहुल गांधी गर्व से बोले- एआई समिट का यूथ कांग्रेस वालों ने काम कर दिया, बीजेपी ने विदेशी मां से जन्म का मुद्दा उठाकर साधा निशाना

नई दिल्ली। लोकसभा में नेता विपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी अपने बयानों के लिए विवादों में घिरते और बीजेपी का निशाना बनते हैं। राहुल गांधी एक बार फिर बीजेपी का निशाना बने हैं। बीजेपी ने इस बार पूर्व पीएम और कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे जवाहरलाल नेहरू का नाम लेकर राहुल गांधी पर निशाना साधा है। बीजेपी के निशाने पर राहुल गांधी इसलिए आए, क्योंकि उन्होंने एक कार्यक्रम में गर्व से कहा कि एआई समिट का यूथ कांग्रेस वालों ने काम कर दिया।

बीजेपी आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने इसी बयान पर राहुल गांधी को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि एआई समिट में यूथ कांग्रेस ने नग्न प्रदर्शन कर भारत को शर्मिंदा किया। बीजेपी नेता ने एक्स पर पोस्ट में लिखा कि जरा सोचिए, जब दुनियाभर के बड़े तकनीकी विशेषज्ञ, नीति बनाने वाले और इनोवेटर्स एआई के भविष्य पर चर्चा कर रहे थे, उस वक्त कांग्रेस को लगा कि भारत का प्रतिनिधित्व करने का सबसे बेहतर तरीका अराजकता और अशोभनीय प्रदर्शन है।

अमित मालवीय ने आगे लिखा कि विडंबना है कि जिन जवाहरलाल नेहरू को कांग्रेस अपना वैचारिक स्तंभ मानती है, उन्होंने भी कभी राष्ट्र के चरित्र और निष्ठा पर अलग नजरिया रखा था। बीजेपी नेता ने 1950 के दशक की इंदौर राज परिवार में उत्तराधिकार के मामले का भी उल्लेख करते हुए राहुल गांधी पर निशाना साधा और कहा कि उस वक्त जवाहरलाल नेहरू ने साफ मत रखा था कि उत्तराधिकारी वही होना चाहिए, जो भारतीय मां से जन्मा हो।

बीजेपी नेता अमित मालवीय ने आगे लिखा कि यहीं से राहुल गांधी और कांग्रेस पर सवाल उठता है कि अगर खुद जवाहरलाल नेहरू मानते थे कि विदेशी मूल से जन्मा व्यक्ति देश की जिम्मेदारी उठाने के योग्य नहीं माना जा सकता, तो कांग्रेस को नेहरू की ही बात समझने में दिक्कत क्यों है? बीते दिनों दिल्ली में एआई समिट के दौरान यूथ कांग्रेस के कई कार्यकर्ताओं ने वहां पहुंचकर टी-शर्ट उतारकर प्रदर्शन किया था। जिस मामले में पुलिस ने गिरफ्तारी भी की थी। खुद पीएम नरेंद्र मोदी इस मसले पर कांग्रेस पर हमला बोल चुके हैं। वहीं, कांग्रेस इसे विरोध जताने का अधिकार बता रही है। अब राहुल गांधी की तरफ से कांग्रेस के प्रदर्शन पर बयान से मामला फिर तूल पकड़ता दिख रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *