दिल्ली में अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, नेपाल के रास्ते पाकिस्तान से लाई गई विदेशी बंदूकें बरामद
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। क्राइम ब्रांच की टीम ने 10 तस्करों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से बड़ी संख्या में विदेशी हथियार बरामद हुए हैं। इन तस्करों के तार पाकिस्तान, नेपाल और बांग्लादेश से जुड़े हुए हैं। क्राइम ब्रांच के मुताबिक यह हथियार पाकिस्तान से नेपाल और बांग्लादेश के रास्ते भारत पहुंचाए जाते हैं। पुलिस को जांच के दौरान तस्करों के कब्जे से कुल 21 विदेशी हथियार मशीन गन, सब-मशीन गन और कई सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल बरामद हुई हैं। इसके अलावा 200 जिंदा कारतूस भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। यह तस्कर इन हथियारों को दिल्ली और अन्य राज्यों के अपराधियों तक पहुंचाते थे। चेक रिपब्लिक की बनी हुई सब-मशीन गन और शैडो सीजेड, इटली की बेरेटा, तुर्की की स्टोएगर पिस्टल, चीन की पीएक्स-3, ब्राजील की टॉरस, जर्मनी की वाल्थर और पीएक्स-5.7 पिस्टल जो कि स्पेशल फोर्सेस द्वारा उपयोग किया जाने वाला हाई-एंड हथियार है यह बरामद की गई है। पीएक्स-5.7 पिस्टल का पाया जाना एक बहुत बड़ी सफलता है।
क्राइम ब्रांच के मुताबिक हथियार तस्करों का यह गिरोह काफी लंबे समय से दिल्ली और एनसीआर समेत कई राज्यों में विभिन्न गैंग को हथियार सप्लाई कर रहा था। गिरफ्तार किए गए आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद पुलिस उनको रिमांड में लेगी। इसके बाद इन लोगों से पूछताछ के बाद इनके अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन के बारे में पता लगाया जाएगा। आगे चलकर इस केस से जुड़े कुछ और लोगों को भी गिरफ्तार किया जा सकता है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बॉर्डर पार कराने में इन लोगों की कौन लोग सहायता करते हैं।
