April 21, 2026

Hind foucs news

hindi new update

राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को याद दिलाया 1971 का बांग्लादेश विभाजन, ख्वाजा आसिफ को दी चेतावनी

नई दिल्ली। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ की कोलकाता हमले की गीदड़भभकी पर पलटवार करते हुए उनको पाकिस्तान के विभाजन की घटना याद दिलाते हुए चेतावनी दी है। राजनाथ सिंह ने कहा कि पाकिस्तान के रक्षा मंत्री को यह नहीं भूलना चाहिए कि 55 साल पहले 1971 में पाकिस्तान ने एक बार बंगाल की तरफ नजर उठाने की कोशिश की थी तो पाकिस्तान के दो टुकड़े हो गए थे, एक पाकिस्तान और दूसरा बांग्लादेश बन गया। इस बार यदि बंगाल की तरफ नजर उठाने की कोशिश की तो उसका क्या परिणाम होगा ये भविष्य में पता चल जाएगा।

दरअसल, राजनाथ सिंह ने पश्चिम एशिया युद्ध को लेकर बात करते हुए 2 अप्रैल को कहा था कि अगर संकट के बीच सरहद पार से कोई गलत हरकत हुई, तो उसका मुंह तोड़ जवाब ही नहीं दिया जाएगा, बल्कि अभूतपूर्व कार्रवाई भी होगी। राजनाथ सिंह ने ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए कहा था कि पहलगाम में हुई आतंकी घटना के बाद भारतीय सैनिकों ने पाकिस्तान को महज 22 मिनट में घुटनों पर ला दिया था। भारतीय सैन्य इतिहास में आतंकवाद के खिलाफ किया गया, अब तक का यह सबसे बड़ा ऑपरेशन था। यह ऑपरेशन अभी तक बंद नहीं हुआ है।

राजनाथ सिंह के इस बयान के बाद पाकिस्तान को मिर्ची लग गई और उसके रक्षा मंत्री ने बंगाल पर हमले की गीदड़भभकी दी। ख्वाजा आसिफ ने कहा था कि अगर भारत इस बार कोई कदम उठाता है, तो हम उसे कोलकाता तक ले जाएंगे। ख्वाजा आसिफ के इसी बयान को लेकर पश्चिम बंगाल के बैरकपुर में चुनावी रैली के दौरान पत्रकारों ने राजनाथ सिंह से सवाल किया जिसका उन्होंने जोरदार शब्दों में पलटवार किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *