उत्तर भारत में प्रचंड गर्मी, राहत मिलने की उम्मीद नहीं
नई दिल्ली। उत्तर भारत में प्रचंड गर्मी पड़ रही है। कई जगह तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चला गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अंडमान-निकोबार और केरल में जल्दी ही मॉनसून पहुंच जाएगा, लेकिन उत्तर भारत तक बारिश की फुहारें पहुंचने में अभी और दिन बाकी हैं। अब मौसम विभाग ने देश के अलग-अलग हिस्सों के मौसम का अनुमान बताया है। मौसम विभाग के मुताबित पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर के कुछ इलाकों में मंगलवार तक हल्की बारिश हो सकती है। जबकि, हिमाचल प्रदेश के तमाम जिलों में बारिश, ओलावृष्टि और बर्फबारी होने के आसार हैं। उत्तराखंड में भी कई जगह बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है।
मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि दिल्ली और एनसीआर के इलाकों में तेज गर्मी बनी रहेगी। इन इलाकों में अधिकतम तापमान 42 और न्यूनतम 30 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। कई इलाकों में तेज आंधी भी आ सकती है। राजस्थान में मंगलवार तक भीषण लू देखने को मिलेगी। यूपी के बारे में मौसम विभाग ने बताया है कि राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में आंधी और बारिश हो सकती है। इसके अलावा आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा है। बिहार की राजधानी पटना समेत कई जगह आंधी और तेज बारिश के साथ बिजली गिरने के आसार हैं। झारखंड में भी रांची समेत कई जगह तेज आंधी और बारिश का अनुमान है।
मौसम विभाग के मुताबिक हरियाणा और पंजाब में गर्म हवाओं से लोगों को दिक्कत होगी। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। अगले हफ्ते एक पश्चिमी विक्षोभ के असर से हरियाणा और पंजाब में तापमान में कुछ गिरावट आने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक मध्य प्रदेश के दक्षिण-पूर्वी जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। बाकी राज्य में तेज गर्मी पड़ती रहेगी। मौसम विभाग ने बताया है कि पूर्वोत्तर के राज्यों में भारी बारिश और तूफान जैसी स्थिति देखने को मिलेगी। वहीं, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु और केरल में मंगलवार तक तेज बारिश होने की संभावना है। कर्नाटक और केरल के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। दक्षिण के बाकी इलाकों में लोगों को उमस का सामना करना पड़ेगा।
