June 2, 2026

Hind foucs news

hindi new update

बीजेपी से अलग होकर नई पार्टी बनाने की अटकलों पर अन्नामलाई ने दी प्रतिक्रिया, जानिए क्या कहा?

नई दिल्ली। तमिलनाडु बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अन्नामलाई को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं कि अन्नामलाई बीजेपी से अलग होकर अपनी नई राजनीतिक पार्टी बनाने जा रहे हैं। वहीं इसको लेकर अन्नामलाई की प्रतिक्रिया भी आई है। चेन्नई हवाई अड्डे पर अन्नामलाई पत्रकारों को दिखे तो उनके बीजेपी छोड़ने की संभावनाओं पर सवाल किया गया, इस पर अन्नामलाई ने कुछ स्पष्ट जवाब तो नहीं किया हालांकि इतना जरूर कहा कि आपके सभी सवालों के जवाब मैं दो दिनों में दे दूंगा। अन्नामलाई की बात से कहीं न कहीं यह आशंका गहरा गई है कि उनके मन में कुछ चल रहा है।

ऐसा माना जा रहा है कि अन्नामलाई और केंद्र सरकार के बीच तीन भाषा नीति को लेकर मतभेद उभरे हैं। सीबीएसई के द्वारा कक्षा 9 में तीन-भाषा नीति को अनिवार्य किए जाने को वापस लेने की मांग भी अन्नामलाई उठा चुके हैं। हाल ही में उन्होंने अपनी एक सोशल मीडिया पोस्ट पर भी इस मामले को उठाया था। अन्नामलाई ने लिखा था कि तीन भाषा नीति की वजह से तमिलनाडु के स्टूडेंट्स और उनके पेरेंट्स अनावश्यक रूप से मानसिक तनाव में हैं। वहीं यह भी कहा जा रहा है कि अन्नामलाई के समर्थक भी अलग पार्टी बनाए जाने के पक्ष में हैं।

खबर यह भी है कि अन्नामलाई ने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से मिलने के लिए समय मांगा है। आपको बता दें कि इससे पहले तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के दौरान भी अन्नामलाई के बीजेपी से मतभेद की खबरें सामने आई थीं जब बीजेपी ने उनको चुनाव में टिकट नहीं दी थी। हालांकि बाद में अन्नामलाई ने खुद यह बयान जारी कर बताया था कि वो ही चुनाव नहीं लड़ना चाहते और इसलिए उन्होंने पहले ही बीजेपी कोर कमेटी को पत्र लिखकर सूचित कर दिया था। पार्टी नेतृत्व ने मेरे फैसले का सम्मान किया और इसके लिए मैं आभारी हूं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *