आप नेता सौरभ भारद्वाज के खिलाफ एफआईआर, दुष्कर्म पीड़िता बच्ची की पहचान उजागर करने का आरोप
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है। पिछले दिनों दिल्ली के जनकपुरी स्थित एक स्कूल में बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना हुई थी। आप नेता सौरभ भारद्वाज इस मामले को जोर शोर से उठा रहे थे। आरोप है कि सौरभ भारद्वाज ने इस दौरान पीड़ित बच्ची की पहचान उजागर कर दी और इसी मामले को लेकर वो खुद लपेटे में आ गए। अधिवक्ता प्रवीण नारायण ने इस संबंध में सीडब्ल्यूसी-VII के समक्ष एक लिखित शिकायत दी थी जिसको संज्ञान में लेते हुए सौरभ भारद्वाज के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि बीती 11 मई को आप नेता ने अपने आधिकारिक फेसबुक हैंडल और आम आदमी पार्टी के आधिकारिक फेसबुक पेज पर एक पोस्ट शेयर की थी जिमसें कई ऐसे तथ्य और जानकारी सार्वजनिक किए, जिनसे पाक्सो मामले की पीड़िता बच्ची की पहचान प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से उजागर हो गई थी। शिकायतकर्ता का तर्क है कि ऐसे गंभीर मामलों में पीड़िता की पहचान गोपनीय रखना कानूनी रूप से अनिवार्य है। दिल्ली पुलिस को उपलब्ध कराए गए इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर आप नेता के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम की धारा 23 (4), किशोर न्याय अधिनियम की धारा 7 और बीएनएस की धारा 72 के तहत जनकपुरी थाने में एफआईआर दर्ज हुई है।
गौरतलब है 29 अप्रैल को बच्ची के साथ स्कूल में दुष्कर्म की घटना हुई थी और आरोपी उसी स्कूल का एक अधिकारी है जिसकी उम्र लगभग 57 साल है। इस घटना में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया था हालांकि 7 मई को द्वारका कोर्ट से उसे जमानत मिल गई थी। दिल्ली पुलिस ने द्वारका कोर्ट के फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती दी थी जहां से आरोपी की जमानत रद्द हो गई और उसके बाद से वो जेल में है। वरिष्ठ अधिकारी खुद इस केस की निगरानी कर रहे हैं।
