मैं न होता तो तुम जेल में होते…बेंजामिन नेतन्याहू पर भड़के डोनाल्ड ट्रंप ने खूब सुनाया
नई दिल्ली। लेबनान में इजरायल के सैन्य एक्शन से अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप खासे नाराज हैं। उन्होंने इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को फोन कर उनको बहुत कुछ सुना दिया। एक्सियोस की रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिकी राष्ट्रपति ने नेतन्याहू से कहा कि अगर मैं न होता तो तुम जेल में होते। मैं तुम्हारी जान बचा रहा हूं। हर कोई तुमसे नफरत करता है और इसी वजह से आज हर कोई इजरायल से भी नफरत कर रहा है। खबरों के मुताबिक इस दौरान ट्रंप ने गुस्से में नेतन्याहू को पागल तक कह दिया। हालांकि नेतन्याहू ने फिलहाल लेबनान पर प्रस्तावित हमलों को रोक दिया है। हालांकि वह अपने रुख पर अभी भी कायम हैं।
ट्रंप ने नेतन्याहू के साथ हुई उनकी बातचीत के बारे में बताते हुए ट्रूथ सोशल पर लिखा, मैंने इजरायल के प्रधानमंत्री बीबी नेतन्याहू से बहुत ही सार्थक बातचीत की और यह तय हुआ कि बेरूत में कोई भी सैन्य बल नहीं भेजा जाएगा और जो भी बल भेजे जा रहे थे, उन्हें वापस भेज दिया गया है। इसी तरह, उच्च पदस्थ प्रतिनिधियों के माध्यम से मैंने हिजबुल्लाह से भी अच्छी बातचीत की और वे इस बात पर सहमत हुए कि गोलीबारी बंद कर दी जाएगी। इजराइल उन पर हमला नहीं करेगा और वो भी इजराइल पर अटैक नहीं करेंगे।
दूसरी तरफ नेतन्याहू ने भी सोशल मीडिया पोस्ट पर लिखा, मैंने राष्ट्रपति ट्रंप साफ कह दिया है कि अगर हिजबुल्लाह ने इजरायली शहरों या नागरिकों पर हमला नहीं रोका तो हम भी बेरुत में आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाएंगे और हमारा ये रुख बिल्कुल स्पष्ट है। ऐसा बताया जा रहा है कि लेबनान पर इजरायली हमले के बाद ईरान ने इस बात की धमकी दी थी कि अगर इजरायल की तरफ से सैन्य कार्रवाई रोकी न गई तो तेहरान अमेरिका के साथ चल रही बातचीत से पीछे हट जाएगा। माना जा रहा है कि इसी बात पर ट्रंप नेतन्याहू पर भड़क गए।
