June 3, 2026

Hind foucs news

hindi new update

दिल्ली के मालवीय नगर के रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग, 21 लोगों की मौत, मरने वालों में कई विदेशी नागरिक

नई दिल्ली। दिल्ली के मालवीय नगर में एक दर्दनाक हादसा हो गया है। हौज रानी इलाके में स्थित एक रेस्टोरेंट में भीषण आग लग गई और इस घटना में अब तक 21 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। मरने वालों में कई विदेशी नागरिक बताए जा रहे हैं। अपनी जान बचाने के लिए कुछ लोग बिल्डिंग से कूद गए। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। दमकल विभाग को सुबह 9 बजे के करीब आग लगने की सूचना मिली थी। तुरंत ही फायर ब्रिगेड की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर आग बुझाने और बिल्डिंग में फंसे लोगों को निकालने का काम शुरू किया।

कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया है लेकिन रेस्क्यू अभियान अभी भी जारी है। अब तक 37 लोगों को इमारत से बाहर निकाला गया है। जो घायल हैं उनको अस्पताल भिजवाया गया है। आग लगने की घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क पर गद्दे डाल दिए जिसमें बिल्डिंग से कई लोग कूदे। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, मालवीय नगर में भीषण अग्निकांड में हुई जानमाल की हानि से मैं अत्यंत दुखी हूं और पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। दिल्ली सरकार स्थिति पर कड़ी नजर रख रही है। प्रभावित परिवारों को सभी आवश्यक चिकित्सा सहायता और समर्थन प्रदान किया जा रहा है। दु:ख की इस घड़ी में दिल्ली सरकार प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। हम इस त्रासदी से प्रभावित सभी लोगों को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

वहीं डीडीएमए दक्षिण के एसडीएम जितेंद्र कुमार ने बताया कि हमें पता चला है कि इस इमारत के भूतल पर एक रेस्तरां चल रहा था। आग लगने का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है। एमसीडी से इस बात की जानकारी मांगी गई है कि रिहायशी इलाके में इस प्रकार के कितने होटल और रेस्टोरेंट चलाने का लाइसेंस जारी किया गया है। इन सभी की एक रूटीन जांच की जाएगी ताकि भविष्य में इस प्रकार की कोई घटना न हो। इस घटना के कारणों का पता लगाने के भी प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *