ममता बनर्जी से हो गया खेला!, निष्कासित विधायकों ने कर दिया ये बड़ा दावा
कोलकाता। टीएमसी सुप्रीमो और पश्चिम बंगाल की पूर्व सीएम ममता बनर्जी से खेला हो गया! ममता बनर्जी ने बीते दिनों विधायक ऋतब्रत बनर्जी और संदीपन साहा को टीएमसी से निष्कासित किया था। अब ऋतब्रत बनर्जी और संदीपन साहा ने दावा किया है कि टीएमसी के 59 विधायक उनके साथ हैं। ऋतब्रत का दावा है कि टीएमसी के ये विधायक उनको विधानसभा में नेता विपक्ष बनाने के हक में हैं।
इससे पहले ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी ने शोभनदेव चटर्जी को नेता विपक्ष बनाने के लिए पश्चिम बंगाल विधानसभा अध्यक्ष के पास चिट्ठी भेजी थी। तब ऋतब्रत बनर्जी और संदीपन साहा ने विधानसभा अध्यक्ष से शिकायत की थी कि 6 मई को टीएमसी की बैठक में इस बारे में कोई प्रस्ताव पास नहीं किया गया था। साथ ही दोनों ने ये शिकायत भी दी कि प्रस्ताव के साथ टीएमसी के जिन विधायकों के दस्तखत भेजे गए हैं, उनमें से कई बैठक में थे ही नहीं। इन विधायकों के दस्तखत जाली हैं। इस शिकायत पर पश्चिम बंगाल विधानसभा सचिव की ओर से कोलकाता के हेयर स्ट्रीट थाने में शिकायत की गई थी। जिसकी जांच सीआईडी को सौंपी गई है।
सीआईडी ने अब तक 13 विधायकों से बात की है। पश्चिम बंगाल के सीएम शुभेंदु अधिकारी ने बीते दिनों बताया था कि टीएमसी के 3 विधायकों ने सीआईडी को बताया है कि उन्होंने प्रस्ताव पर दस्तखत किए ही नहीं। इसके बाद सीआईडी ने अभिषेक बनर्जी को 1 जून को तलब किया था, लेकिन चोटिल होने की बात कहकर अभिषेक पेश नहीं हुए। सीआईडी ने इसके बाद ममता बनर्जी के भतीजे को दूसरा नोटिस भेजकर 8 जून को तलब किया है। ऐसे में ऋतब्रत बनर्जी और संदीपन साहा का दावा अगर सही है, तो ममता बनर्जी के सामने नई मुश्किल खड़ी हो गई है। पहले से ही अटकलें लग रही हैं कि ममता बनर्जी के साथ उद्धव ठाकरे वाला खेला हो सकता है।
