June 24, 2026

Hind foucs news

hindi new update

मॉनसून ने पकड़ी रफ्तार, मौसम विभाग ने बताया कहां होगी बारिश और अभी किस इलाके के लोगों को करना होगा इंतजार

नई दिल्ली। मॉनसून दो हफ्ते तक धीमी चाल चलने के बाद फिर सक्रिय हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक मॉनसून अब मध्य भारत की तरफ तेजी से बढ़ रहा है। वहीं, उत्तर और पश्चिम के कुछ राज्यों में पश्चिमी विक्षोभ का असर भी देखने को मिला है। इसके बावजूद दिल्ली समेत कई राज्य में लोग भीषण गर्मी का सामना कर रहे हैं। मौसम विभाग का कहना है कि मॉनसून महाराष्ट्र, तेलंगाना और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों तक पहुंच गया है। मुंबई समेत महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों, तेलंगाना और ओडिशा के साथ बिहार और झारखंड में भी मॉनसून के लिए अनुकूल स्थिति बनी है।

मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के असर से जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश समेत कई जगह बारिश और आंधी-तूफान देखने को मिला है। वहीं, यूपी के पूर्वी इलाकों, बिहार और महाराष्ट्र के कई इलाकों में भीषण गर्मी है। यूपी के प्रयागराज में सोमवार को सबसे अधिक 43.3 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज हुआ। इन सभी जगह अगले एक हफ्ते तक गर्मी का सितम जारी रहने वाला है। वहीं, हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ के असर से बर्फबारी हुई है। जम्मू-कश्मीर में भी बारिश हुई और बारामुला के कंडी में बादल भी फटा। जबकि, पंजाब में कई जगह बारिश के साथ ओले भी गिरे हैं। मौसम विभाग ने कहा है कि राजस्थान के पश्चिमी इलाकों में तेज आंधी आ सकती है। बिहार, झारखंड ओडिशा में भी तेज हवा चलने की संभावना है।

मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, हिमाचल, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में तेज हवा के साथ आकाशीय बिजली गिर सकती है। पश्चिम बंगाल के हिमालय से लगे इलाकों और पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश का दौर जारी रहेगा। दक्षिण-पश्चिमी मॉनसून भी 1 जून की तय तारीख से चार दिन देरी से केरल पहुंचा था। इसके बाद मॉनसून ने तेजी बरकरार रखी, लेकिन मध्य और उत्तर भारत में चक्रवात और अन्य कारणों से इसकी रफ्तार धीमी पड़ गई। हालांकि, इस साल अल-नीनो का असर है। जिसकी वजह से औसत से कम बारिश होने की बात पहले ही मौसम विभाग कह चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *