पुणे पुलिस के मुताबिक केतन अग्रवाल की जान लेने से पहले सिया और चेतन ने हत्या के तरीके तलाशे थे, दोनों के बीच 2000 से ज्यादा बार हुई बातचीत
पुणे। महाराष्ट्र के पुणे के केतन विशाल अग्रवाल की हत्या की चारों ओर चर्चा हो रही है। केतन अग्रवाल की हत्या का आरोप उनकी मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी पर लगा है। इस मामले में नए-नए खुलासे हो रहे हैं। पुणे ग्रामीण के एसपी संदीप सिंह ने बताया है कि सिया गोयल और चेतन चौधरी ने आए दिन अपने मोबाइल फोन से ऑनलाइन सर्च किया कि किसी की हत्या कैसे की जाए। इसके अलावा सिया और चेतन चौधरी ने 1 जनवरी 2026 से 18 जून के बीच 2000 से ज्यादा बार आपस में बात की। कई बार तो केतन की मंगेतर और चेतन के बीच 2 से 3 घंटे तक फोन पर बातचीत हुई।
पुलिस के मुताबिक केतन की हत्या के बाद भी सिया गोयल और चेतन चौधरी के बीच फोन कॉल और मैसेज होते रहे। पुणे पुलिस की जांच में पता चला है कि 18 जून को केतन अग्रवाल की हत्या से पहले सिया गोयल और चेतन चौधरी एक कैफे में मिले थे। जिसके बाद वे लोहागढ़ किले गए थे। केतन अपने घर से एक पुल तक पहुंचे थे। वहां से उन्होंने मंगेतर सिया को साथ लिया था। जबकि, चेतन चौधरी बाइक से लोहागढ़ किले पहुंचा था। उसने उस दिन 33 डिग्री तापमान होने के बावजूद हुडी पहन रखा था। पुलिस की जांच में ये भी सामने आया है कि लोहागढ़ किले में दाखिल होने के लिए चेतन चौधरी ने 25 रुपए का टिकट भी नहीं लिया था। उसने मौजूद गार्ड को बताया था कि व्यायाम करता है और किले में जा रहा है। केतन की मौत के बाद चेतन चौधरी वहां से जल्दी निकल गया था।
वहीं, चेतन के पिता का आरोप है कि उनका बेटा सिया गोयल को नहीं जानता था। उसे झूठे केस में फंसाया गया है। केतन के परिवार का कहना है कि अगर सिया को शादी नहीं करनी थी, तो मना कर देती। केतन की जान लेने की क्या जरूरत थी। बता दें कि इससे पहले इंदौर के राजा रघुवंशी की पत्नी पर प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की हत्या करवा लाश मेघालय के शिलांग के पास खाई में धकेल देने का आरोप लग चुका है। जबकि, मेरठ की मुस्कान नाम की महिला पर अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या के बाद उसका शव कंक्रीट के साथ नीले ड्रम में भर देने का आरोप लगा था। ऐसे में अब केतन अग्रवाल की हत्या के बाद सोशल मीडिया पर तमाम लोग ये कह रहे हैं कि आखिर कैसे पत्नी या मंगेतर पर भरोसा किया जाए?
