Heavy Rain Alert: देश के इन 20 राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश के आसार
नई दिल्ली। देश के तमाम राज्यों में बीते तीन दिन से जमकर बारिश हो रही है। पूर्वोत्तर के राज्य असम में बाढ़ के कारण अब तक 95 लोग जान गंवा चुके हैं। मौसम विभाग ने अब 17 राज्यों में भारी बारिश और 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे रफ्तार से तेज हवा चलने का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने उत्तराखंड, यूपी और बिहार में भारी बारिश से लोगों को खास तौर पर सावधान रहने की चेतावनी दी है। मध्य प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में भी शनिवार तक भारी बारिश हो सकती है। वहीं, राज्य के बाकी इलाकों और छत्तीसगढ़ में भी अभी भारी बारिश होती रहेगी।
दिल्ली के बारे में मौसम विभाग का कहना है कि राजधानी में शनिवार तक बारिश होती रहेगी। जबकि, उत्तराखंड में भारी बारिश और भूस्खलन का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने कहा है कि पूर्वी यूपी के 5 जिलों में बहुत भारी बारिश हो सकती है। पश्चिमी यूपी के 20 जिलों में भी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। राज्य में शुक्रवार से बारिश में कमी देखने को मिलने के आसार हैं। बिहार के बारे में मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि बंगाल की खाड़ी से नमी आने और चक्रवातीय स्थिति बनने के कारण यहां अगले कई दिन तक बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। पटना समेत कई जिलों में जमकर बारिश का अलर्ट दिया गया है।
मौसम विभाग ने बताया है कि जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हरियाणा, पंजाब, पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा, महाराष्ट्र, कोंकण, गोवा, कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु के साथ ही असम समेत पूर्वोत्तर के राज्यों में मध्यम से भारी बारिश होती रहेगी। बीते कुछ दिनों से हो रही बारिश से आम जनता को जहां चिपचिपाती उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। वहीं, धान उगाने वाले किसानों के चेहरों से चिंता की लकीरें घटी हैं। हालांकि, मौसम विभाग का कहना है कि इस साल औसत से कम बारिश होगी। फिर भी अगर बीच-बीच में इसी तरह बारिश होती रही, तो किसानों की फसल को नुकसान न पहुंचने की उम्मीद है। बीते दो साल ला-नीना प्रभाव के कारण औसत से ज्यादा बारिश होती रही, लेकिन इस साल अल-नीनो के असर से मामला गड़बड़ाने की आशंका अभी बनी हुई है।
