April 24, 2026

Hind foucs news

hindi new update

अब सिर्फ दिल्ली की महिलाएं ही डीटीसी बसों में कर सकेंगी मुफ्त सफर, बनवाना होगा पिंक कार्ड

नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ऐलान किया है कि अब से सिर्फ दिल्ली में रहने वाली महिलाएं ही डीटीसी बसों में मुफ्त सफर कर सकेंगी। इससे पहले किसी भी राज्य की कोई भी महिला डीटीसी में फ्री यात्रा सुविधा का लाभ उठा सकती थी। सीएम ने बताया कि दिल्ली की महिलाओं को डीटीसी बसों में मुफ्त यात्रा के लिए बहुत जल्द पिंक टिकट की जगह पिंक पास दिए जाएंगे। इस कार्ड के लिए अप्लाई करने के लिए आधार कार्ड, पैन कार्ड, दिल्ली में निवास का प्रमाण पत्र, पासपोर्ट फोटो और बैंक केवाईसी के दस्तावेज लगेंगे।

मुख्यमंत्री ने आज नंदनगरी डिपो में ऑटोमैटिक टेस्टिंग स्टेशन का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि डीटीसी को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना दिल्ली सरकार की प्राथमिकता में है। मौजूदा समय में डीटीसी पर 65 हजार करोड़ रुपये का घाटा है। हमारी मंशा डीटीसी को इस घाटे से उबारकर प्रॉफिट में लाने की है। मुख्यमंत्री ने बताया कि नए सिरे से दिल्ली में डीटीसी बसों का रूट चार्ट तैयार किया जा रहा है। इस काम में आईआईटी दिल्ली के विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है। नया रूट चार्ट बनने के बाद यात्रियों का सफर और सुविधाजनक हो सकेगा।

आपको बता दें कि दिल्ली की पूर्व आम आदमी पार्टी सरकार ने साल 2019 को डीटीसी बसों में महिलाओं के लिए फ्री यात्रा सुविधा की शुरुआत की थी। इस योजना का लाभ कोई भी महिला उठा सकती थी चाहे वो दिल्ली की रहने वाली हो या किसी अन्य प्रदेश की, मगर अब ऐसा नहीं होगा। अभी तक महिलाओं को बस में चढ़ने के बाद पिंक टिकट लेना होता था जो फ्री होता था, हालांकि इसे लेना अनिवार्य था। वहीं आम आदमी पार्टी ने दिल्ली सरकार पर निशाना साधते हुए दिल्ली के लोगों को मिलने वाली सरकारी सुविधाओं को धीरे धीरे खत्म करने का आरोप लगाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *