April 16, 2026

Hind foucs news

hindi new update

भारत का सातवां जहाज भी होर्मुज से निकला, ला रहा है इतने टन एलपीजी; ईरान ने फ्रांस को भी दी छूट

नई दिल्ली। भारत का एक और जहाज होर्मुज पार कर चुका है। होर्मुज पार करने वाले इस भारतीय जहाज का नाम ग्रीन सान्वी है। ग्रीन सान्वी जहाज पर 44000 टन से ज्यादा एलपीजी है। भारतीय जहाज ग्रीन सान्वी होर्मुज पार करने वाला सातवां भारतीय जहाज है। इससे पहले पिछले हफ्ते भारतीय जहाज जग वसंत करीब 47000 टन एलपीजी लेकर होर्मुज होते हुए भारत पहुंचा था। जबकि, पाइन गैस 45000 टन लेकर होर्मुज होते हुए आया था। वहीं, ये खबर भी है कि ईरान ने ओमान के अलावा फ्रांस के जहाज को भी होर्मुज पार करने दिया है।

द इंडियन एक्सप्रेस अखबार ने अफसरों के हवाले से बताया है कि भारत के दो और एलपीजी वाले जहाज ग्रीन आशा और जग विक्रम होर्मुज से होकर आने वाले हैं। जल्दी ही दोनों जहाज होर्मुज को पार करेंगे। अब तक होर्मुज से आने वाले सातों जहाज एलपीजी वाले हैं। अब भी भारत के 17 जहाज होर्मुज के पूर्व और पश्चिम में हैं। ईरान ने ये एलान कर रखा है कि अमेरिका, इजरायल और उनको सहयोग देने वाले देशों के अलावा बाकी देशों के जहाजों को वो होर्मुज पार करने देगा। इनमें भारत, रूस, चीन, पाकिस्तान और इराक हैं। इस तरह फिलहाल भारत के जहाजों के लिए होर्मुज पार करने में कोई दिक्कत नहीं है और इससे देश में एलपीजी की कमी भी नहीं होने जा रही है।

अमेरिका और इजरायल ने 28 फरवरी से ईरान के खिलाफ युद्ध शुरू किया था। इसके बाद ही ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट को बंद करने का एलान कर दिया। ईरान ने ओमान की खाड़ी में कई जहाजों पर ड्रोन से हमले भी किए। इसके बाद जहाजों ने होर्मुज पार करना बंद कर दिया। भारत ने इस पर ईरान से उच्चस्तर पर बात की। जिसके बाद ईरान ने भारत के जहाजों को होर्मुज से आने की मंजूरी दे दी थी। इसके बाद ईरान ने ये भी कहा कि दुश्मन देशों के अलावा होर्मुज बाकी देशों के लिए खुला है। फिर भी अन्य देशों के जहाज अभी होर्मुज पार नहीं कर रहे। अब फ्रांस के जहाज को मंजूरी देने से साफ है कि उसकी भी ईरान से डील हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *