हैदराबाद। तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में जाली नोटों की बड़ी खेप बरामद की गई है। हैदराबाद पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इनसे पूछताछ के बाद एक कमरे पर छापा मारा। इस कमरे से 6.78 करोड़ के जाली नोट बरामद किए गए। ये सभी जाली नोट 500 रुपए के मूल्यवर्ग के हैं। हैदराबाद के पुलिस कमिश्नर डॉ. तरुण जोशी के मुताबिक चिनोला माणिक्य रेड्डी, चेरुकुपल्ली रत्नाकर रेड्डी, मदुपोजु करनाकर और करणम अजय कुमार 1 नवंबर को कार से जा रहे थे। जब रामोजी फिल्म सिटी के पास उनकी कार रोककर गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस कमिश्नर के मुताबिक शादनगर स्पेशल ऑपरेशन टीम और अब्दुल्लापुरमेट थाने की पुलिस ने इनको गिरफ्तार किया था। आरोपियों से पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की। इस पर चारों ने बताया कि हैदराबाद के कुंतलूर में किराए का घर ले रखा था। जहां जाली नोट छापने का काम किया जा रहा था। पुलिस जब इस ठिकाने पर पहुंची, तो उसे प्रिंटर, लैपटॉप, नोट को काटने की मशीनें और अन्य उपकरण मिले। पुलिस के मुताबिक चारों आरोपी खुद को पुलिस अफसर बताते थे। वे नकली आईडी कार्ड, वॉकी-टॉकी और नकली पिस्टल लेकर चलते थे।
पुलिस कमिश्नर के मुताबिक आरोपी लोगों को डराते और धोखा देते थे। पूछताछ में उन्होंने बताया कि पहले वे 1 लाख रुपए लेकर 3 से 4 लाख के जाली नोट देते थे। जब ये योजना नहीं चली, तो आरोपियों ने दूसरा तरीका अपनाते हुए संभावित खरीदारों को असली नोट दिखाने शुरू किए। खुद को पुलिस अफसर बताकर और धमकी देकर वे असली नोट जुटाते और जाली नोट पकड़ाकर फरार हो जाते। इस तरह उन्होंने दो घटनाओं में ही 2 और 3 लाख रुपए ले लिए थे। पुलिस अब ये पता कर रही कि आरोपियों के पास से जाली नोट लेने वाले और लोग कौन थे और इन नोटों को कहां-कहां चलाया गया। बता दें कि देश में पहले भी बड़ी संख्या में जाली नोट मिलते रहे हैं। ज्यादातर को स्कैन कर प्रिंटर से छापा जाता था।
