‘भगवान शिव गरीबों और भगवान राम अमीरों के देवता’, तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी के बयान पर भड़की बीजेपी
हैदराबाद। तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी के बयानों पर पहले कई बार बीजेपी उखड़ चुकी है। अब बीजेपी एक बार फिर रेवंत रेड्डी के बयान पर भड़की है। तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी ने हैदराबाद में एक कार्यक्रम के दौरान धार्मिक और राजनीतिक पहचान की तुलना कर बयान दिया। बीजेपी ने रेवंत रेड्डी के इस बयान को राजनीतिक फायदे के लिए समुदायों को बांटने की कोशिश करार दिया है। बता दें कि पीएम नरेंद्र मोदी समेत बीजेपी के नेता ये आरोप लगाते हैं कि कांग्रेस अब मुस्लिम लीग हो गई है। रेवंत रेड्डी ने पहले कांग्रेस और मुस्लिम को एक जैसा बताया था।
रेवंत रेड्डी ने कार्यक्रम में कहा कि हम द्रविड़ हैं और वे आर्य हैं। हम भगवान शिव के भक्त हैं। वे भगवान राम के। उन्होंने भगवान शिव को गरीबों और भगवान राम को अमीरों का देवता बताया। तेलंगाना के सीएम ने कहा कि लोग भगवान राम और शिव की पूजा करते हैं। उन्होंने बीजेपी की ओर से जय श्रीराम कहने पर भी सवाल उठाया। रेवंत रेड्डी ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी और बीजेपी के नेता उसी तरह हर-हर महादेव क्यों नहीं कहते।
रेवंत रेड्डी के बयान पर केंद्रीय मंत्री और तेलंगाना के बीजेपी नेता बंदी संजय कुमार ने कहा कि तेलंगाना के सीएम भगवान शिव और भगवान राम के बीच राजनीतिक बंटवारा कर रहे। उन्होंने पीएम मोदी के वाराणसी के काशी विश्वनाथ मंदिर से जुड़ाव का उल्लेख कर वेमुलावाड़ा की यात्रा की बात कही। बंदी संजय कुमार ने रेवंत रेड्डी के इस दावे को गलत बताया कि बीजेपी के नेता भगवान शिव का नाम नहीं लेते। उन्होंने कहा कि रेवंत रेड्डी पहले कह चुके हैं कि मुस्लिम ही कांग्रेस और कांग्रेस ही मुस्लिम है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि तेलंगाना का सीएम होने के नाते वेमुलावाड़ा में दक्षिण काशी और भद्राचलम में दक्षिण अयोध्या होने की जानकारी होनी चाहिए। भगवान शिव और भगवान राम को उत्तर-दक्षिण में बांटना नहीं चाहिए। बंदी संजय कुमार ने कहा कि राजनीतिक लामबंदी के लिए कांग्रेस धार्मिक और क्षेत्रीय पहचान का इस्तेमाल कर रही।
