नई दिल्ली। पंजाब के मोगा से आम आदमी पार्टी की विधायक अमनदीप कौर के परिसरों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने छापा मारा है। ईडी की टीम आज सुबह मोगा स्थित उनके घर और मोगा-लुधियाना रोड पर स्थित फ्लैट पर पहुंची और तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान ईडी की टीम के साथ बड़ी संख्या में सीआरपीएफ जवान भी पहुंचे हैं। ईडी की एक टीम खन्ना में स्थित विधायक के ननिहाल भी गई है। जिस वक्त यह छापेमारी हुई विधायक अमनदीप अपने घर पर ही मौजूद थीं। ईडी के अधिकारी आप विधायक पूछताछ से कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि ईडी अधिकारियों ने विधायक और उनके परिवारवालों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं तथा वहां पर मौजूद कुछ जरूरी दस्तावेजों की तफ्तीश की जा रही है। किसी को भी घर के बाहर जाने या किसी बाहरी को घर के अंदर आने की अनुमति नहीं है। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि यह छापेमारी किस मामले में की गई है। माना जा रहा है कि मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े किसी मामले में ईडी ने रेड की है। उधर, आप विधायक के घर के बाहर बड़ी संख्या में पार्टी के कार्यकर्ता इकट्ठा हो गए हैं जो ईडी के एक्शन का विरोध करते हुए नारेबाजी कर रहे हैं।
अमनदीप कौर पेशे से डॉक्टर भी हैं, उनके पास एमबीबीएस, एमडी की डिग्री है। वो पंजाब में आम आदमी पार्टी के महिला विंग की अध्यक्ष भी हैं। साल 2022 के विधानसभा चुनाव में जीतने के बाद वो पहली बार विधायक चुनी गई थीं। अमनदीप कौर ने 20,915 वोटों से चुनाव जीता था। आम आदमी पार्टी ने अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए 40 कैंडिडेट्स की जो पहली लिस्ट जारी की है उसमें भी अमनदीप कौर का नाम है। आप ने अमनदीप कौर को फिर से मोगा विधानसभा से टिकट मिली है।
