देश

मुरादाबाद में बेकाबू बोलेरो ने पांच बच्चों को कुचला, दो की मौत, तीन घायल

शेयर करें:
Oplus_131072

मुरादाबाद में बेकाबू बोलेरो ने पांच बच्चों को कुचला, दो की मौत, तीन घायल

जन्मदिन वाले दिन दो वर्षीय अंश की गई जान, ठेले को 30 मीटर तक घसीटती ले गई गाड़ी; आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस वाहन पर किया पथराव

रविन्द्र बंसल

Ad Zone: in_content

मुरादाबाद। मूंढापांडे थाना क्षेत्र के मुड़िया भायपुर गांव में मंगलवार शाम तेज रफ्तार बोलेरो ने सड़क किनारे खेल रहे पांच बच्चों को कुचल दिया। हादसे में एक वर्षीय चित्रा और दो वर्षीय अंश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। बच्चों को बचाने के प्रयास में पकौड़ी विक्रेता की मां चंपा देवी भी बोलेरो की चपेट में आकर घायल हो गईं।

घटना मंगलवार शाम करीब साढ़े चार बजे मूंढापांडे-करनपुर मार्ग पर हुई। गांव निवासी सतपाल सड़क किनारे पकौड़ी का ठेला लगाए हुए था। इसी दौरान करनपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने ठेले में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद गाड़ी ठेले को करीब 30 मीटर तक घसीटती चली गई और पास में खेल रहे पांच बच्चे उसकी चपेट में आ गए। हादसे में चित्रा और अंश की मौके पर मौत हो गई। घायल बच्चों में चित्रा की छह वर्षीय बहन इच्छा, पांच वर्षीय महक और छह वर्षीय आयुष शामिल हैं। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने बोलेरो चालक को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक को भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया। पुलिस जब उसे लेकर थाने जाने लगी तो ग्रामीणों और महिलाओं ने पुलिस वाहन को घेर लिया। लोगों ने जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को मौके पर बुलाने की मांग की।

करीब तीन घंटे तक गांव में हंगामा चलता रहा। शाम करीब साढ़े सात बजे पुलिस ने भीड़ को हटाने के लिए लाठियां फटकारीं। इस दौरान ग्रामीणों ने पुलिस वाहन पर पथराव और लाठी-डंडे भी फेंके। अतिरिक्त पुलिस बल की मदद से पुलिस चालक को थाने ले गई। बोलेरो को भी कब्जे में ले लिया गया है।

हादसे में जान गंवाने वाले अंश का मंगलवार को दूसरा जन्मदिन था। परिवार में जन्मदिन की तैयारी चल रही थी, लेकिन हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह के अनुसार चालक को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।

आगे क्या पढ़ें AI

अपनी राय रखें