दिल्ली में मॉडल की चाकू से गोदकर हत्या, जिम ट्रेनर इमरान पर आरोप
नई दिल्ली। दिल्ली के तिलक नगर इलाके के ओल्ड महावीर नगर में पार्ट टाइम मॉडल मुस्कान की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। मुस्कान की उम्र 21 साल थी। मुस्कान की हत्या का आरोप इमरान नाम के जिम ट्रेनर पर लगा है। इमरान फरार है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक मुस्कान घर में अकेली थी। उसी दौरान चाकू से उस पर हमला कर जान ली गई।
मुस्कान के एक दोस्त अमन का कहना है कि मॉडल की बहन ने उसे फोन किया था। मुस्कान की बहन ने बताया कि किसी ने चाकू मार दिया है और वो तुरंत घर पहुंचे। अमन के मुताबिक वो मुस्कान के घर पहुंचा। उस वक्त एंबुलेंस आ चुकी थी। जिसमें मुस्कान को हॉस्पिटल ले जाया गया। मुस्कान की दो और बहन और छोटा भाई आकाश है। उसकी दोनों बहन चंडीगढ़ गई थीं। अमन का कहना है कि मुस्कान की बहन ने उसे बताया कि जिम ट्रेनर इमरान मॉडल को परेशान कर रहा था। इस वजह से वारदात के बाद उस पर ही पहला शक हुआ।
अमन के अनुसार बुधवार की शाम करीब पौने छह बजे मुस्कान के घर इमरान घुसा। मुस्कान के भाई आकाश ने उसे घर में दाखिल होते देखा। मुस्कान पढ़ाई के साथ पार्ट टाइम मॉडलिंग करती थी। घर में घुसकर चाकू से उसकी हत्या के बाद इलाके में सनसनी है। इमरान को गिरफ्तार किए जाने के बाद ही पता चलेगा कि मुस्कान की कत्ल की वजह क्या रही। दिल्ली में ऐसी पहली वारदात नहीं है। दिल्ली में पहले भी कई बार चाकू से वार कर लोगों की जान ली जाती रही है। देश की राजधानी में कई बार तो सार्वजनिक जगहों पर दिनदहाड़े लोगों की हत्या हुई है। साल 2025 में दिल्ली में 491 लोगों की हत्या की घटनाएं हुई थीं। जबकि, 2024 में इनकी संख्या 504 रही थी।
