June 26, 2026

Hind foucs news

hindi new update

PM Modi On Independence Day: ‘अगले 15 अगस्त को मैं फिर यहां आऊंगा’, लालकिले से पीएम मोदी ने किया एलान

नई दिल्ली। पीएम नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस पर लालकिले से देश के नाम अपने संबोधन में कहा कि वो अगले 15 अगस्त को फिर लालकिले से देश को बताएंगे कि कितने और काम सरकार ने पूरे किए हैं। इससे पहले पीएम मोदी पिछले दिनों एक कार्यक्रम में कह चुके थे कि उनकी सरकार तीसरे कार्यकाल के लिए चुनी जाएगी। उन्होंने ये दावा संसद में विपक्ष के अविश्वास प्रस्ताव पर बोलते हुए भी किया था। पीएम मोदी ने कहा कि हम जिस प्रोजेक्ट का शिलान्यास करते हैं, उसे पूरा भी करते हैं। उन्होंने कहा कि इसी वजह से हमारी पहचान है।

मोदी ने कहा कि देश को भ्रष्टाचार, परिवारवाद और तुष्टीकरण की वजह से बहुत नुकसान हुआ है। मोदी ने कहा कि उन्होंने भ्रष्टाचारियों पर कार्रवाई की। इसी वजह से वे उनके पीछे पड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार को खत्म करने का मेरा जिंदगी का कमिटमेंट है। मोदी ने कहा कि सपने अनेक हैं और नीतियां स्पष्ट हैं। उन्होंने कहा कि नीयत के सामने कोई सवालिया निशान भी नहीं है। लोगों से पीएम मोदी ने अपील की कि रुकें नहीं। मोदी ने कहा कि शुचिता, पारदर्शिता और निष्पक्षता की जरूरत है। इस मजबूती को जितना भी खाद-पानी दे सकते हैं, वो सामूहिक कोशिश करने का उन्होंने आग्रह किया।

पीएम मोदी ने कहा कि देश असंतुलित विकास का शिकार रहा है। उन्होंने कहा कि हमें संतुलित विकास को बल देना है। मोदी ने कहा कि हमारे शरीर का कोई अंग अविकसित रहे, तो हमारा शरीर विकसित नहीं माना जाएगा। वैसे ही भारत का भूभाग विकास से दूर रहे तो हम ये नहीं मान सकते कि हमारी भारत माता का विकास हुआ है। देश के लोगों को मेरे परिवारजनों कहकर संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि भारत लोकतंत्र की जननी है। भाषाएं अनेक हैं। उन्होंने कहा कि हमें आगे बढ़ना है। देश को 2047 तक विकसित बनाने का संकल्प लेना है और इसके लिए काम करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *