PM मोदी का बड़ा फैसला, खेल रत्न पुरस्कार का बदला नाम, राजीव गांधी की जगह अब मेजर ध्यानचंद के नाम पर होगा अवॉर्ड
नई दिल्ली। अब मेजर ध्यानचंद के नाम से जाना जाएगा राजीव गांधी खेल रत्न सम्मान। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे लेकर जानकारी देते हुए ट्वीट भी किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसपर ट्वीट करते हुए लिखा,”मेजर ध्यानचंद भारत के उन अग्रणी खिलाड़ियों में से थे जिन्होंने भारत के लिए सम्मान और गौरव लाया। यह सही है कि हमारे देश का सर्वोच्च खेल सम्मान उन्हीं के नाम पर रखा जाएगा।”
बता दें, भारतीय पुरुष हॉकी टीम के ओलिंपिक खेलों के सेमीफाइनल में पहुंचने के बाद से ही लोगों के जहन में ध्यानचंद आने लगे थे। ट्विटर पर उन्हें ‘भारत रत्न’ देने की मांग भी उठी थी। कई यूजरों की तरफ से ये कहा गया था कि हॉकी के जादूगर ध्यानचंद उन लोगों में से एक हैं जो कि भारत रत्न से ऊपर हैं। अगर हम उन्हें सम्मान देना चाहते हैं तो उनका नाम ‘खेल रत्न’ का नाम होना चाहिए।
जाने-माने लेखक आनंद रंगनाथन ने भी इसे लेकर ट्वीट किया था। उन्होंने ट्वीट कर लिखा था, ‘मेजर ध्यानचंद ने अकेले अपने दम पर ही हमें पहला ओलिंपिक हॉकी गोल्ड जिताया था। इस उपलब्धि को करीब सौ साल बीत चुके हैं।’
रंगनाथन ने ध्यानचंद को भारत रत्न से सम्मानित करने का आग्रह भी किया था। आपको बता दें, अभी खेल रत्न पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के नाम पर हैं लेकिन अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे बदलते हुए ध्यानचंद के नाम पर कर दिया है।
