बीजेपी ने अब उद्धव ठाकरे और पत्नी के खिलाफ पुलिस में की शिकायत
मुंबई। मोदी सरकार में मंत्री नारायण राणे को गिरफ्तार किए जाने के बाद बीजेपी ने अब महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे के खिलाफ जंग छेड़ दी है। बीजेपी ने अब सीएम और शिवसेना चीफ उद्धव ठाकरे, उनकी पत्नी और सामना अखबार की संपादक रश्मि ठाकरे और शिवसेना के युवा नेता वरुण सरदेसाई पर नासिक पुलिस के साइबर सेल में तीन शिकायत कराई हैं। बीजेपी की नासिक इकाई के अध्यक्ष ऋषिकेश जयंत ने पहली शिकायत दी है। शिकायत में जयंत ने कहा है कि बुधवार को वरुण सरदेसाई ने गैरकानूनी तरीके से राणे के मुंबई स्थित आवास के बाहर प्रदर्शन किया। जिसके बाद उद्धव ने वरुण को सीएम आवास पर बुलाकर सम्मानित किया। बीजेपी का कहना है कि इससे गलत संदेश गया और कानून-व्यवस्था की समस्या हुई। शिकायत में ये भी कहा गया है कि शिवसेना के युवा नेता ने सीएम आवास के बाहर भड़काऊ बयान दिया।
दूसरी शिकायत सुनील रघुनाथ केदार ने उद्धव के खिलाफ की है। इसमें उस वीडियो का हवाला दिया गया है, जिसमें उद्धव ने यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ के बारे में अपमानजनक टिप्पणी की थी। शिकायतकर्ता का कहना है कि वीडियो में उद्धव ठाकरे कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि योगी कैसे मुख्यमंत्री बन सकते हैं, उन्हें तो गुफा में बैठना चाहिए। इस बयान से हिंदुओं की भावना आहत हुई है।
इसी तरह तीसरी शिकायत शिवाजी बर्के ने उद्धव की पत्नी रश्मि ठाकरे और नासिक नगर निगम में शिवसेना नेता अजय बोरास्ते के खिलाफ दी है। इसमें कहा गया है कि 25 अगस्त को शिवसेना के मुखपत्र ‘सामना’ में प्रकाशित संपादकीय में नारायण राणे के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया। यह संवैधानिक पद का अपमान है। इसके अलावा बोरास्ते ने इस संपादकीय का पोस्टर बनाया और सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित किया।
