विकास दर के मामले में एक बार फिर सभी बड़े देशों को पटकनी देने जा रहा भारत, आईएमएफ के अनुमान में 7 फीसदी रहने वाली है जीडीपी
वॉशिंगटन। एक बार फिर अमेरिका, ब्रिटेन, जापान, रूस और चीन जैसी आर्थिक ताकतों को भारत पटकनी देने जा रहा है। इन 5 समेत कई और विकसित देशों को भारत इस साल भी अर्थव्यवस्था के मोर्चे पर पीछे छोड़ेगा। ये अनुमान अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष यानी आईएमएफ ने लगाया है। साल 2024 के लिए आईएमएफ ने तमाम देशों की अर्थव्यवस्था का जो अनुमान लगाया है, उसमें भारत के टॉप पर रहने की बात कही है।
आईएमएफ के अनुमान के मुताबिक 2024 में अमेरिका की विकास दर 2.6 फीसदी रहने का अनुमान है। जबकि, रूस की विकास दर 3.2 फीसदी रहने का अनुमान आईएमएफ ने लगाया है। 2024 के अनुमान में आईएमएफ ने कहा है कि जर्मनी की विकास दर 0.2 फीसदी, फ्रांस की 0.9 फीसदी, इटली की 0.7 फीसदी, स्पेन की 2.4 फीसदी, ब्रिटेन की 0.7 फीसदी, जापान की विकास दर 0.7 फीसदी, कनाडा की 1.3 फीसदी, ब्राजील की 3.2 फीसदी, मेक्सिको की 2.2 फीसदी, रूस की 3.2 फीसदी, सऊदी अरब की 1.7 फीसदी, नाईजीरिया की 3.1 फीसदी और दक्षिण अफ्रीका की विकास दर 0.9 फीसदी रहने वाली है। वहीं, भारत के पड़ोसी देश चीन की विकास दर 5 फीसदी रहने का अनुमान आईएमएफ ने लगाया है।
अब आपको बताते हैं कि आईएमएफ ने 2024 में भारत की विकास दर कितना रहने का अनुमान लगाया है? आईएमएफ का अनुमान है कि 2024 में भारत की विकास दर 7 फीसदी रहने वाली है। इतना ही नहीं, 6.5 फीसदी की विकास दर के साथ 2025 में भी भारत की अर्थव्यवस्था के टॉप पर रहने का अनुमान आईएमएफ ने लगाया है। बता दें कि बीते दिनों ही भारतीय रिजर्व बैंक ने कहा था कि भारत की अर्थव्यवस्था की विकास दर 2024 में 7.2 फीसदी रहने वाली है। इस तरह देखा जाए, तो आईएमएफ ने भी रिजर्व बैंक के अनुमान के बिल्कुल आसपास ही भारत की विकास दर के रहने की बात कही है। कोरोना की महामारी के बाद से दुनिया की अर्थव्यवस्था डांवाडोल वाली स्थिति में बनी रही है। रूस और यूक्रेन के युद्ध और हमास के खिलाफ इजरायल की कार्रवाई से भी बड़े देशों की विकास दर को झटका लगा है। इन सबके बीच बीते 5 साल से भारत की विकास दर अन्य देशों के मुकाबले ज्यादा रही है। अगर 2023-24 की ही बात करें, तो भारत की विकास दर 8.2 फीसदी रही थी।
