हम रील बनाने वाले नहीं काम करने वाले लोग…जब रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को आया गुस्सा
नई दिल्ली। लोकसभा में बजट पर चर्चा के दौरान रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव जब लोको पायलट के बारे में बात कर रहे थे तभी विपक्षी सांसद बीच में हंगामा करने लगे। बार-बार हंगामे से रेल मंत्री को गुस्सा आ गया और उन्होंने बहुत ही तल्ख लहजे में विपक्ष पर बरसते हुए कहा कि हम काम करके दिखाने वाले लोग हैं आपकी तरह रील बनाकर दिखाने वाले नहीं। रेल मंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, जो लोग यहां चिल्ला रहे हैं, उनसे पूछा जाना चाहिए कि 58 वर्षों तक सत्ता में रहने के बावजूद वो एक किलोमीटर की दूरी पर भी ऑटोमैटिक ट्रेन प्रोटेक्शन (एटीपी) सिस्टम क्यों नहीं लगा पाए?
रेल मंत्री ने कहा जब ममता बनर्जी रेल मंत्री थीं तो रेल दुर्घटना के आंकड़े 0.24 से घटकर 0.19 हो जाने पर ये लोग सदन में ताली बजाते थे और आज जब ये आंकड़े 0.19 से घटकर 0.03 हो गए हैं तो सरकार पर आरोप लगा रहे हैं, देश इस तरह से कैसे चलेगा? रेल मंत्री ने कहा कि कांग्रेस सोशल मीडिया की अपनी ट्रोल सेना की मदद से झूठी बातें उछालती है। क्या वे उन 2 करोड़ लोगों के दिलों में डर पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं जो हर दिन रेलवे से यात्रा करते हैं?
अश्विनी वैष्णव ने कहा कि कल किसी ने पूछा कि अल्ट्रासोनिक फ्लॉ डिटेक्शन क्यों नहीं लगाया जा रहा है। मैं स्पष्ट कर दूं कि पिछले 10 वर्षों में 26 लाख 52 हजार अल्ट्रासोनिक फ्लॉ डिटेक्शन परीक्षण किए गए हैं, और इस दौरान प्रौद्योगिकी में भी सुधार हुआ है। इससे जुड़ी एक अल्ट्रासाउंड मशीन विकसित की गई है और इसे प्रत्येक क्षेत्र में स्थापित किया जा रहा है।
