पहाड़ों से लेकर पूरब और दक्षिण भारत के राज्यों तक मौसम विभाग ने जमकर बारिश होने की कर दी भविष्यवाणी, कई जगह बादल फटने की भी चेतावनी
नई दिल्ली। मौसम विभाग ने एक बार फिर मॉनसून की भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, यूपी और पूर्वी राजस्थान में जगह-जगह हल्की से भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार 20 अगस्त तक हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी भारत यानी बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। महाराष्ट्र और गोवा में भी बारिश की संभावना है। वहीं, मौसम विभाग ने कर्नाटक, तमिलनाडु और केरल में बहुत भारी बारिश होने का अलर्ट दिया है। तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में भी कई जगह बारिश होने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कई जगह बादल भी फट सकता है। इन बाबत चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम और पश्चिम बंगाल के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बनने और इसके और घना होने के कारण तमाम राज्यों में मध्यम से बहुत भारी बारिश का दौर देखने को मिलने वाला है। मौसम विभाग ने इससे पहले 7 दिन तक देश के तमाम राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान लगाया था। वहीं, खबर है कि पहाड़ के दरकने से उत्तराखंड के बदरीनाथ हाइवे पर शुक्रवार को कुछ समय यातायात बंद रखना पड़ा। जम्मू-कश्मीर में माता वैष्णो देवी मार्ग में भी भूस्खलन हुआ। इसमें किसी तीर्थयात्री को चोट नहीं लगी है।
मौसम विभाग ने पहले ही बता रखा है कि इस साल सितंबर के अंत तक देश में औसत से ज्यादा बारिश होगी। इससे पहले 2023 तक मॉनसून के सीजन में कम बारिश हो रही थी। इसकी वजह अल नीनो का प्रभाव था। जबकि, इस बार ला नीना का प्रभाव है। ला नीना प्रभाव में जमीन की तरह समुद्र की सतह भी गर्म होती है। इससे ज्यादा बारिश होती है। जबकि, अल नीनो में जमीन के मुकाबले समुद्र की सतह कम गर्म होती है और इस वजह से कम बारिश देखने को मिलती है।
