April 26, 2026

Hind foucs news

hindi new update

चीन की नई चालबाजी उजागर, लद्दाख में एलएसी के पास बनाई 6 नई हेलीस्ट्रिप

नई दिल्ली। पूर्वी लद्दाख और अरुणाचल को अपना हिस्सा बताने वाला चीन लगातार भारत के खिलाफ साजिश रचता रहता है। भारत के खिलाफ चीन की चालबाजी और साजिश कभी बंद नहीं होती। अब एक बार फिर चीन की नई चाल सामने आई है। न्यूज चैनल एबीपी ने बताया है कि सैटेलाइट तस्वीरों से खुलासा हुआ है कि चीन ने लद्दाख में एलएसी के पास 6 नई हेलीस्ट्रिप बनाई हैं। लद्दाख के डेमचोक से इन सभी हेलीस्ट्रिप की दूरी करीब 100 मील है। यहां हेलीकॉप्टर तैनात कर चीन भारतीय सेना के टैंकों और अन्य बड़े हथियारों को निशाना बना सकता है। डेमचोक एलएसी के पास ही है। यहां भी भारत और चीन की सेना आमने-सामने तैनात हैं।

चीन लगातार एलएसी के पार अपने हिस्से में निर्माण गतिविधियां कर रहा है। लद्दाख के कब्जे वाले इलाके में चीन ने तमाम सड़कें और सेना के लिए आधारभूत संरचनाएं तैयार की हैं। इससे पहले इसी साल जुलाई में खबर आई थी कि चीन ने लद्दाख की पेंगोंग सो झील के दोनों किनारों को जोड़ने वाला पुल भी बनाया है। ताकि भारत से किसी युद्ध की स्थिति में चीन की सेना पेंगोंग सो के दोनों तरफ से हमला कर सके। यहां चीन की तरफ खोदाई भी की जा रही थी। इससे लगता है कि चीन पेंगोंग सो के पास हथियार और ईंधन के स्टोर बनाने की तैयारी कर रहा है। चीन ने पेंगोंग सो में जहां निर्माण कार्य किया, वो जगह 4 साल तक खाली थी।

चीन ने साल 2020 में एलएसी के पार आकर कब्जा करने की कोशिश की। इस कोशिश के दौरान गलवान घाटी में भारत के वीर जवानों से चीन की सेना का संघर्ष हुआ था। उस संघर्ष में भारतीय सेना के कर्नल बी. संतोष बाबू समेत 20 जवान शहीद हुए थे। जबकि, चीन के भी 40 से ज्यादा जवान मार गिराए गए थे। उस घटना के बाद से भारत और चीन के बीच काफी तनाव बना हुआ है। नतीजे में भारत ने लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और अरुणाचल प्रदेश में चीन से लगते पूरे एलएसी पर अपनी सेना तैनात कर रखी है। चीन की सेना भी यहां तैनात हैं। भारत और चीन कई बार पहले की स्थिति की बहाली के लिए सैन्य और कूटनीतिक स्तर पर बातचीत कर चुके हैं, लेकिन चीन लगातार अड़ा हुआ है और भारत के खिलाफ साजिश पर साजिश रच रहा है।