लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सफाया करने वाले बयान के बाद पप्पू यादव को मिली जान से मारने की धमकी..
नई दिल्ली। कांग्रेस के सांसद पप्पू यादव पर अब सोशल मीडिया के तमाम यूजर तंज कसते दिख रहे हैं। ये तंज “बाघ का करेजा” बताए जाने पर कसी जा रही है। आपको बताते हैं कि आखिर मसला क्या है? पप्पू यादव 7 बार के सांसद हैं। इस साल हुए लोकसभा चुनाव में पप्पू यादव कांग्रेस के टिकट पर बिहार की पूर्णिया सीट से सांसद बने। बीते दिनों जब मुंबई में एनसीपी नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की हत्या हुई, तो पप्पू यादव ने बयान दिया था कि अगर कानून उनको मंजूरी दे, तो 24 घंटे में लॉरेंस बिश्नोई जैसे दो टके के अपराधी के पूरे नेटवर्क को खत्म कर देंगे।
अब कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग का होने का दावा कर एक शख्स ने पप्पू यादव को जान से मारने की धमकी फोन पर दी। पहले आप सुनिए वो ऑडियो, जिसके बारे में पप्पू यादव का कहना है कि उनको लॉरेंस बिश्नोई गैंग से धमकी मिली। इस ऑडियो में पप्पू यादव अपनी पहचान छिपाकर खुद को सांसद का पीए बताकर बात करते सुनाई दिए। वो धमकी देने वाले को ‘मालिक’ भी कहते सुनाई दे रहे हैं।
जिसके बाद पप्पू यादव ने बिहार के डीजीपी से तो सुरक्षा मांगी ही है, साथ ही उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को चिट्ठी लिखकर जेड श्रेणी की सुरक्षा देने की मांग भी की है। देखिए, सुरक्षा बढ़ाने के लिए अमित शाह को लिखी पप्पू यादव की चिट्ठी। उसमें उन्होंने लिखा है कि पहले वाई प्लस श्रेणी सुरक्षा मिली हुई थी। जिसे बाद में घटाकर वाई श्रेणी का कर दिया गया।
पप्पू यादव ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग को मिटा डालने की धमकी के बाद मुंबई जाने और सलमान खान से मिलने का एलान भी किया था। पप्पू यादव मुंबई गए थे और वहां बाबा सिद्दीकी के बेटे जीशान सिद्दीकी से मिले थे। पप्पू यादव ने ये भी सोशल मीडिया पर बताया था कि सलमान खान शूटिंग में व्यस्त थे और इस वजह से एक्टर से सिर्फ फोन पर बात हुई। पप्पू यादव ने जब मुंबई जाने का एलान किया था, उस वक्त उनका समर्थन करने वाले तमाम लोगों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखकर कांग्रेस सांसद को ‘बाघ का करेजा’ वाला बताया था। अब सोशल मीडिया पर लोग उसी का हवाला देते हुए तंज कस रहे हैं।
बहरहाल, लॉरेंस बिश्नोई के गैंग की तरफ से धमकी मिलने के बाद पप्पू यादव की सुरक्षा बढ़ाने का आदेश बिहार के डीजीपी ने दिया है। मीडिया की खबरों के मुताबिक बिहार के डीजीपी ने पूर्णिया की पुलिस से कहा है कि किसी को भी पप्पू यादव के आसपास फटकने न दिया जाए। खबर लिखे जाने तक पप्पू यादव की लॉरेंस बिश्नोई गैंग की इस धमकी पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई थी।
