रूस-यूक्रेन युद्ध में नया मोड़, जेलेंस्की शांति के लिए तैयार, रूस को जमीन छोड़ने का दिया संकेत
नई दिल्ली। दुनिया के सबसे लंबे और घातक संघर्षों में से एक, रूस-यूक्रेन युद्ध में एक बड़ा मोड़ आ गया है। यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लादिमिर जेलेंस्की ने पहली बार इस बात का संकेत दिया है कि वह शांति के लिए रूस को यूक्रेनी क्षेत्र अस्थायी रूप से सौंपने को तैयार हैं। ब्रिटिश अखबार द टेलीग्राफ की रिपोर्ट के अनुसार, जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन नाटो की सुरक्षा की छत्रछाया में अपने कब्जे वाले क्षेत्रों को अस्थायी रूप से छोड़ सकता है।
जेलेंस्की की शांति की शर्त
रिपोर्ट के मुताबिक, जेलेंस्की ने स्पष्ट किया कि युद्धविराम पर सहमति बनने के बाद, कीव कूटनीतिक माध्यम से उन क्षेत्रों को वापस पाने के लिए बातचीत करेगा जो वर्तमान में रूसी नियंत्रण में हैं। यह यूक्रेनी राष्ट्रपति का युद्ध के दौरान अब तक का सबसे बड़ा रुख परिवर्तन माना जा रहा है।
स्काई न्यूज़ को दिए इंटरव्यू में जेलेंस्की का बड़ा बयान
जेलेंस्की ने स्काई न्यूज़ के साथ एक साक्षात्कार में कहा, “अगर हम युद्ध के इस भीषण चरण को रोकना चाहते हैं, तो हमें यूक्रेन के उन क्षेत्रों को नाटो की छत्रछाया में देना चाहिए, जो अभी हमारे नियंत्रण में हैं।” उन्होंने जोर देते हुए कहा कि यह कदम तेजी से उठाना जरूरी है ताकि कूटनीतिक प्रयासों के जरिए बाकी क्षेत्र वापस लाए जा सकें।
पहले से बदल गया है रुख
इससे पहले, कीव की सरकार का रुख स्पष्ट था कि वह रूस के साथ तब तक लड़ाई जारी रखेगी जब तक कि यूक्रेन अपनी अंतरराष्ट्रीय सीमाओं को वापस नहीं पा लेता। इसमें क्रीमिया समेत वे चार क्षेत्र शामिल हैं, जिन पर 2022 में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने कब्जा कर लिया था।
