बीजेपी की जीत पर पीएम नरेंद्र मोदी ने दिल्लीवासियों को दी विकास और सुशासन की गारंटी
नई दिल्ली। दिल्ली चुनाव के अभी तक आए नतीजों और जारी रूझानों में बीजेपी को मिल रही बंपर जीत पर पीएम नरेंद्र मोदी ने दिल्लीवासियों का आभार जताते हुए बीजेपी कार्यकर्ताओं की प्रशंसा की। इसके साथ पीएम ने दिल्ली के लोगों को विकास और सुशासन की गारंटी भी दी। वहीं केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा, दिल्ली की जनता ने झूठ, धोखे और भ्रष्टाचार के ‘शीशमहल’ को नेस्तनाबूत कर दिल्ली को ‘आप-दा’ मुक्त करने का काम किया है। पीएम नरेंद्र मोदी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट पर लिखा, जनशक्ति सर्वोपरि! विकास जीता, सुशासन जीता।
मोदी ने लिखा, दिल्ली के अपने सभी भाई-बहनों को ऐतिहासिक जीत दिलाने के लिए मेरा वंदन और अभिनंदन! आपने जो भरपूर आशीर्वाद और स्नेह दिया है, उसके लिए आप सभी का हृदय से बहुत-बहुत आभार। दिल्ली के चौतरफा विकास और यहां के लोगों का जीवन उत्तम बनाने के लिए हम कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेंगे, यह हमारी गारंटी है। इसके साथ ही हम यह भी सुनिश्चित करेंगे कि विकसित भारत के निर्माण में दिल्ली की अहम भूमिका हो। मुझे बीजेपी के अपने सभी कार्यकर्ताओं पर बहुत गर्व है, जिन्होंने इस प्रचंड जनादेश के लिए दिन-रात एक कर दिया। अब हम और भी अधिक मजबूती से अपने दिल्लीवासियों की सेवा में समर्पित रहेंगे।
वहीं गृहमंत्री अमित शाह ने कहा, दिल्ली के दिल में मोदी हैं। दिल्ली ने वादाखिलाफी करने वालों को ऐसा सबक सिखाया है, जो देशभर में जनता के साथ झूठे वादे करने वालों के लिए मिसाल बनेगा। यह दिल्ली में विकास और विश्वास के एक नए युग का आरंभ है। दिल्ली में झूठ के शासन का अंत हुआ है। यह अहंकार और अराजकता की हार है।
शाह बोले, मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा अपने सभी वादे पूरे कर दिल्ली को विश्व की नंबर 1 राजधानी बनाने के लिए संकल्पित है। दिल्लीवासियों ने बता दिया कि जनता को बार-बार झूठे वादों से गुमराह नहीं किया जा सकता। जनता ने अपने वोट से गंदी यमुना, पीने का गंदा पानी, टूटी सड़कें, ओवरफ्लो होते सीवरों और हर गली में खुले शराब के ठेकों का जवाब दिया है। दिल्ली में मिली इस भव्य जीत के लिए अपना दिन-रात एक करने वाले बीजेपी के सभी कार्यकर्ताओं को मैं हार्दिक बधाई देता हूँ। चाहे महिलाओं का सम्मान हो, अनधिकृत कॉलोनीवासियों का स्वाभिमान हो या स्वरोजगार की अपार संभावनाएँ, मोदी जी के नेतृत्व में दिल्ली अब एक आदर्श राजधानी बनेगी।
