June 25, 2026

Hind foucs news

hindi new update

शराब घोटाला में फंसे दिल्ली के सीएम की अर्जी पर सुप्रीम कोर्ट मंगलवार को सुनाएगा अहम फैसला

नई दिल्ली। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के लिए मंगलवार यानी 10 सितंबर 2024 की तारीख अहम होने वाली है। अरविंद केजरीवाल की तरफ से दाखिल जमानत अर्जी और सीबीआई गिरफ्तारी और रिमांड के खिलाफ याचिका पर सुप्रीम कोर्ट 10 सितंबर को फैसला सुनाएगा। 5 सितंबर को जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस उज्वल भुइयां की बेंच ने अरविंद केजरीवाल की दोनों अर्जियों पर सुनवाई के बाद फैसला सुरक्षित कर लिया था। अरविंद केजरीवाल को सीबीआई के हाथ गिरफ्तारी मामले में जमानत देने का विरोध जांच एजेंसी ने सुप्रीम कोर्ट में किया था। सीबीआई की तरफ से पेश एडिशनल सॉलिसिटर जनरल यानी एएसजी एसवी राजू ने ये तक कहा था कि अगर सुप्रीम कोर्ट से अरविंद केजरीवाल को जमानत मिलती है, तो दिल्ली हाईकोर्ट का मनोबल गिरेगा।

एसवी राजू ने दिल्ली हाईकोर्ट का मनोबल गिरने की बात इस वजह से कही, क्योंकि उसने अरविंद केजरीवाल को सीबीआई की गिरफ्तारी मामले में जमानत देने से इनकार कर दिया था। वहीं, अरविंद केजरीवाल के वकील और कांग्रेस के राज्यसभा सांसद अभिषेक मनु सिंघवी ने दलील दी कि सीबीआई ने बिना नोटिस के गिरफ्तार किया और ट्रायल कोर्ट ने इस संबंध में एक पक्षीय आदेश दिया। सिंघवी ने ये दलील भी दी कि अरविंद केजरीवाल का नाम सीबीआई की एफआईआर में नहीं है। वो समाज के लिए खतरा नहीं हैं और पासपोर्ट कोर्ट में जमा होने के कारण विदेश भी नहीं भाग सकते। इसके अलावा ईडी के हाथ गिरफ्तारी मामले में सुप्रीम कोर्ट और ट्रायल कोर्ट से जमानत मिलने को भी सिंघवी ने आधार बनाया।

सुप्रीम कोर्ट ने शराब घोटाला मामले में अरविंद केजरीवाल को 12 जुलाई को जमानत दे दी थी। वहीं, इससे पहले ही 26 जून को सीबीआई ने अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया था। सीबीआई के हाथ गिरफ्तारी की वजह से ही अरविंद केजरीवाल अब तक तिहाड़ जेल से बाहर नहीं आ सके हैं। ईडी ने इससे पहले अरविंद केजरीवाल को 12 मार्च 2024 को गिरफ्तार किया था। ईडी ने ट्रायल कोर्ट में दाखिल चार्जशीट में अरविंद केजरीवाल को शराब घोटाला का किंगपिन बताया है। वहीं, सीबीआई ने जो 5वीं पूरक चार्जशीट दाखिल की है, उसमें अरविंद केजरीवाल के बारे में जांच एजेंसी ने दावा किया है कि दिल्ली सरकार की नई शराब नीति बनवाने और बदलाव की साजिश में दिल्ली के सीएम शामिल थे। साथ ही जांच एजेंसी ने चार्जशीट में दावा किया है कि अपने सहयोगी विजय नायर के जरिए अरविंद केजरीवाल ने साउथ कार्टेल के शराब कारोबारियों से रिश्वत भी ली।