April 17, 2026

Hind foucs news

hindi new update

‘पंजाब में लूट को रोकना पड़ेगा’, स्वाति मालीवाल ने अब आम आदमी पार्टी सरकार पर लगाया गंभीर आरोप

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल लगातार हमलावर रवैया अपनाए हुए हैं। स्वाति मालीवाल ने अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी को तमाम आरोप लगाकर घेर रखा है। अब स्वाति मालीवाल ने पंजाब में अपनी ही आम आदमी पार्टी सरकार पर गंभीर आरोप लगाया है। स्वाति मालीवाल ने एक्स पर पोस्ट किया। इस पोस्ट में स्वाति मालीवाल ने आरोप लगाया है कि पंजाब को कुछ लोगों ने अपना एटीएम समझ लिया है। स्वाति मालीवाल ने पंजाब में बालू खनन, रियल एस्टेट और ट्रांसफर-पोस्टिंग का मामला उठाते हुए इसे लूट बताया है।

स्वाति मालीवाल ने अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी के नेताओं के खिलाफ उस वक्त मोर्चा खोला था, जब उन्होंने आरोप लगाया था कि दिल्ली के सीएम आवास में उनसे मारपीट की गई। स्वाति मालीवाल ने आरोप लगाया था कि अरविंद केजरीवाल के करीबी बिभव कुमार ने उनको सीएम आवास में पीटा। स्वाति मालीवाल ने ये आरोप भी लगाया था कि अरविंद केजरीवाल और उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल ने उनको बचाने की कोई कोशिश नहीं की। इस मामले के बाद लगातार स्वाति मालीवाल ने अरविंद केजरीवाल के लिए मुश्किलें खड़ी की हैं।

स्वाति मालीवाल ने दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले कैमरे के साथ राजधानी के अलग-अलग इलाकों का दौरा कर वहां टूटी सड़कों, गंदी नालियां और कूड़ा जमा होने के मुद्दे उठाए थे। यमुना के गंदा होने का मसला भी स्वाति मालीवाल ने उठाया था। दिल्ली में आम आदमी पार्टी की समस्याओं के लिए स्वाति मालीवाल ने अरविंद केजरीवाल पर आरोप लगाए और साथ ही राज्यसभा में भी उन्होंने अपनी बात रखी थी। आम आदमी पार्टी जब दिल्ली का विधानसभा चुनाव हारी, तो स्वाति मालीवाल ने अपना हमला और तेज किया। उन्होंने द्रौपदी के चीरहरण और रावण का उदाहरण देते हुए बिना नाम लिए अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा था। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में स्वाति मालीवाल की तरफ से अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी पर हमले तेज हो सकते हैं। वहीं, आम आदमी पार्टी के नेता स्वाति मालीवाल पर पहले ही आरोप लगा चुके हैं कि उन्होंने बीजेपी के इशारे पर अरविंद केजरीवाल को फंसाने की साजिश की।